जालंधर में बाइक हटाने की बात पर भिड़े दो पक्ष: ईंट-पत्थर चले, बचाव में कार ड्राइवर ने किया हवाई फायर; 2 हिरासत में – Jalandhar News
जालंधर में रास्ते में बाइक खड़ी करने को लेकर हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते बढ़ गया। दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर चले, जिसके बाद बचाव में कार ड्राइवर को हवाई फायर करना पड़ा। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 7 की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति को नियंत्रित करते हुए दो युवकों को हिरासत में ले लिया। जानकारी के अनुसार, बैंक एन्क्लेव में रविवार को सड़क के मोड़ पर कुछ युवक मोटरसाइकिलें खड़ी कर वहां खड़े थे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे कार सवार व्यक्ति ने रास्ता साफ करने के लिए युवकों से बाइक साइड में करने को कहा। कार ड्राइवर के मुताबिक, यह रिहायशी इलाका है। मुख्य मोड़ पर वाहन खड़े करने से आने-जाने वाले लोगों को परेशानी होती है। कहासुनी के बाद घेराव और हमला इसी बात को लेकर कार ड्राइवर और बाइक सवार युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। मौके पर 15-16 अन्य युवक भी इकट्ठा हो गए। आरोप है कि युवकों ने कार को घेर लिया और बोनट पर चढ़कर ड्राइवर पर हमला करने की कोशिश की। इस दौरान कुछ युवकों ने ईंट-पत्थर भी फेंके। सुरक्षा में किया गया हवाई फायर कार ड्राइवर ने बताया कि जब भीड़ ने उन्हें व परिवार को घेर लिया और उन्हें जान का खतरा महसूस हुआ, तो उन्होंने आत्मरक्षा में अपनी लाइसेंसी पिस्टल से हवाई फायर किया। गोली चलने की आवाज सुनते ही इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग मौके पर जुट गए। पुलिस ने शुरू की जांच घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर 7 के SHO पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को हिरासत में ले लिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर घटना की पूरी जानकारी जुटाकर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link

