मुक्तसर में पेट्रोल लेकर टंकी पर चढ़ा व्यक्ति: बेटी को जमीन का हक नहीं मिलने से परेशान; कहा-कोई ऊपर आया तो आग लगा दूंगा – Faridkot News

मुक्तसर में पेट्रोल लेकर टंकी पर चढ़ा व्यक्ति:  बेटी को जमीन का हक नहीं मिलने से परेशान; कहा-कोई ऊपर आया तो आग लगा दूंगा – Faridkot News




श्री मुक्तसर साहिब जिले के गांव सुखना अबलु में बुधवार सुबह जमीन विवाद से परेशान एक व्यक्ति द्वारा वाटर वर्क्स की टंकी पर पेट्रोल की बोतल लेकर चढ़ जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। जानकारी के अनुसार गांव भुट्टीवाला निवासी जगमीत सिंह गांव सुखना अबलू स्थित वाटर वर्क्स की टंकी पर चढ़ गया। घटना की सूचना मिलने पर थाना कोटभाई की एसएचओ दीपिका कंबोज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। टंकी पर चढ़े व्यक्ति ने चेतावनी दी कि यदि कोई उसके पास आने की कोशिश करेगा तो वह अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा लेगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ दीपिका कंबोज स्वयं टंकी पर चढ़ीं और जगमीत सिंह से बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक भरोसा दिलाने के बाद जगमीत सिंह सुरक्षित नीचे उतार दिया। दामाद की हो चुकी मौत जगमीत सिंह ने बताया कि उसकी बेटी सरबजीत कौर की शादी गांव सुखना अबलू निवासी अर्शविंदर सिंह के साथ हुई थी। कुछ वर्ष पहले दामाद की मौत हो गई थी। इसके बाद विरासती जमीन में से साढ़े तीन एकड़ जमीन उसकी बेटी के नाम और साढ़े तीन एकड़ उसकी सास के नाम दर्ज हुई। उसने आरोप लगाया कि कई बार आपसी सहमति से विवाद सुलझाने की कोशिश की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। अब उसकी बेटी को जमीन और घर में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा तथा उनकी शिकायतों पर कोई सुनवाई नहीं हो रही। जगमीत सिंह ने कहा कि इंसाफ की मांग को लेकर ही उसने यह कदम उठाया था। वहीं पुलिस के भरोसा दिलाने के बाद वह टंकी से नीचे उतर आया। दोनों पक्षों को सुनकर नियम अनुसार कार्रवाई होगी: एसएचओ एसएचओ दीपिका कंबोज ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच जमीन संबंधी विवाद चल रहा है। व्यक्ति को समझाकर सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस दोनों पक्षों की बात सुनकर नियमानुसार कार्रवाई करेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *