मोहाली के डेराबस्सी में घर में घुसकर परिवार पर हमला: झगड़ा छुड़ाने गई महिला से किया अभद्र व्यवहार; कपड़े फाड़ने का लगाया आरोप – Mohali News
मोहाली के कस्बा डेराबस्सी के गांव मीरपुर में देर रात एक परिवार पर घर में घुसकर हमला करने और महिला से बदसलूकी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव निवासी छिंदा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 3 जून की रात वह अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान कुछ लोग उसके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। जब उसने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। हालांकि पुलिस ने इस मामले में शनिवार 6 मई देर रात मुकदमा दर्ज किया है। शोर सुनकर महिला पहुंची थी मौके पर शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया। शिकायत के अनुसार, झगड़ा छुड़ाने आई एक महिला के साथ आरोपियों ने अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि हाथापाई के दौरान महिला के कपड़े भी फाड़ दिए गए। पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी जाते समय उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकियां देकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस को शिकायत दी गई, जिसके आधार पर कार्रवाई शुरू की गई। जांच के बाद हुआ मुकदमा जांच अधिकारी एएसआई लखविंदर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर सतपाल, अजय, विजय, सिबू, राकेश, अशोक, सिमी, कमल, शुभम और सुमित के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, सामान्य मारपीट के मामलों में साधारण धाराएं लगाई जाती हैं, लेकिन इस मामले में महिला से कथित बदसलूकी और कपड़े फाड़ने के आरोपों के कारण मामला गंभीर हो गया है। पुलिस सभी आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link

