कैंट में आंतरिक रास्तों पर बेरिकेड्स लगाए, पार्कों से सैर करने वाले गायब, पास की दुकानों से ग्राहक – Jalandhar News
भास्कर न्यूज | जालंधर जालंधर कैंट में लोकल मिलिट्री अथॉरिटी द्वारा सुरक्षा के मद्देनजर आंतरिक रास्तों को बंद किए जाने से स्थानीय लोगों और व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इस फैसले का सबसे ज्यादा असर सुबह की सैर पर निकलने वाले लोगों और लोकल मार्केट पर देखने को मिल रहा है। छावनी की मार्केट में ग्राहक भी नदारद होने लगे हैं। रामामंडी और आसपास के इलाकों से रोजाना काफी संख्या में लोग सुबह की सैर के लिए छावनी के जवाहर पार्क आते हैं। पहले लोग आंतरिक रास्तों का इस्तेमाल कर सीधे पार्क पहुंच जाते थे, लेकिन अब सेना द्वारा इन मार्गों पर बैरिकेड्स लगा दिए गए हैं। ऐसे में वाहन चालक वापिस लौट जाते हैं, तो पैदल लोगों को लंबी दूरी तय कर पार्क तक पहुंचते हैं। इसके अलावा, जवाहर पार्क की मेन सड़क के बाहर भी मिलिट्री जवानों की तैनाती की गई है। इस पर स्थानीय जनता और व्यापारियों में इस बात को लेकर गहरा रोष है कि आम लोगों को आ रही इन गंभीर दिक्कतों के बावजूद कैंट बोर्ड प्रशासन की तरफ से अब तक कोई ठोस कदम या बीच का रास्ता निकालने का प्रयास नहीं किया है। लोगों ने मांग की है कि सुरक्षा के साथ-साथ आम नागरिकों की सहूलियत का भी ध्यान रखा जाए। इस संबंध में सिविल मेंबर पुनीत भारती शुक्ला ने कहा कि लोकल मिलिट्री अथॉरिटी ने आतंरिक सड़कों पर बेरिकेड्स लगा दिए हैं। यह कैंटोनमेंट की सिविल जनता से अन्याय है। छावनी में लोकल मिलिट्री अथॉरिटी की इस तरह की सुरक्षा के नाम पर लोगों को परेशान कर रही है। इससे छावनी का व्यापार भी काम हो रहा है, लोग छावनी में प्रवेश करने से गुरेज कर रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए कैंट के मुख्य और आंतरिक दोनों ही रास्तों पर सख्त चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। जवानों द्वारा पूरी जांच-पड़ताल और पहचान पत्र देखने के बाद ही लोगों को कैंट के भीतर एंट्री दी जा रही है। इस कड़े पहरे और बैरिकेडिंग का सीधा असर कैंट बोर्ड के अंतर्गत आने वाले बाजारों पर पड़ा है। बाहरी ग्राहकों की आवाजाही बेहद कम होने से दुकानदारों का व्यापार ठप होने की कगार पर पहुंच गया है।
Source link

