मोहाली में मोतियाबिंद ऑपरेशन के बाद धुंधली हुई नजर: मरीज ने अस्पताल पर लगाए आरोप; बोला-पैसे लौटाने के वादे से मुकरे डॉक्टर – Mohali News
मोहाली जिले के ढकोली में स्थित एक निजी अस्पताल में आंख के ऑपरेशन के बाद मरीज को धुंधला दिखने का मामला सामने आया है। मरीज ने अस्पताल और डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया है, जिसे अस्पताल प्रबंधन ने सिरे से खारिज कर दिया है। जीरकपुर की एकेएस कॉलोनी निवासी जुल्फिकार ने लगभग एक महीने पहले इसी निजी अस्पताल में सफेद मोतियाबिंद (कैटरेक्ट) का ऑपरेशन करवाया था। जुल्फिकार का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद उनकी दृष्टि सामान्य होने के बजाय धुंधली हो गई है। ‘पैसे वापस करने के बाद से मुकरे डॉक्टर’ जुल्फिकार के अनुसार, ऑपरेशन के बाद से उन्हें कम दिखाई दे रहा है, जिसके चलते उन्होंने कई बार अस्पताल और डॉक्टर से संपर्क किया। उन्होंने ऑपरेशन के लिए निर्धारित पूरी राशि का भुगतान किया था। जुल्फिकार का यह भी आरोप है कि शिकायत करने पर डॉक्टर ने पहले उन्हें पैसे वापस करने का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में वे अपने वादे से मुकर गए। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। डॉक्टर बोले- पहले ही दी थी पूरी जानकारी वहीं, अस्पताल के डॉक्टर ने मरीज द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताया है। डॉक्टर का कहना है कि ऑपरेशन से पहले मरीज को लगाए जाने वाले लेंस और उसकी विशेषताओं के बारे में पूरी जानकारी दी गई थी। मरीज की सहमति के बाद ही यह प्रक्रिया पूरी की गई थी। डॉक्टर के अनुसार, अस्पताल ने सभी चिकित्सा मानकों का पालन करते हुए उपचार किया है और किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती गई है। फिलहाल, यह मामला मरीज और अस्पताल के बीच विवाद का विषय बना हुआ है। दोनों पक्ष अपने-अपने दावों पर कायम हैं। इस मामले में किसी सक्षम चिकित्सा या प्रशासनिक जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Source link

