धर्मकोट में पुरानी रंजिश में फायरिंग, युवक घायल: बातचीत के बहाने ले जाकर चलाई गोली, एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश – Moga News

धर्मकोट में पुरानी रंजिश में फायरिंग, युवक घायल:  बातचीत के बहाने ले जाकर चलाई गोली, एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश – Moga News




मोगा जिले के थाना धर्मकोट के अंतर्गत आते गांव लोगड़ के पास पुरानी रंजिश और महिला मित्र से अभद्रता के विवाद को लेकर एक युवक पर अंधाधुंध फायरिंग करने का मामला सामने आया है। इसमें युवक घायल हो गया, जिसे कोट ईसे खां के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके अन्य साथियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस को दी शिकायत में गांव रेडवां निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सुख ने बताया कि उनके भतीजे सुखजीत सिंह के साथ धर्मकोट में एक गारमेंट्स की दुकान के बाहर कुछ युवकों ने रॉड व डंडों से मारपीट की थी। वह चचेरे भाई मनदीप सिंह के साथ बाइक से भतीजे की हालचाल लेने जा रहे थे। रास्ते में कुछ युवकों ने उन्हें बातचीत करने के बहाने रोका। आरोपी उन्हें गांव लोगड़ के पास स्थित एक ट्यूबवेल (मोटर) पर ले गए। वहां पहुंचते ही आरोपियों ने उन पर हमला बोल दिया। आरोपी दिलप्रीत सिंह ने पहले दहशत फैलाने के लिए हवाई फायर किया। इसके बाद आरोपी ने जान से मारने की नीयत से सीधे सुखविंदर पर गोली चला दी, जो उसके दाहिने पैर में जा लगी। घायल सुखविंदर को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। महिला मित्र को परेशान करने का है विवाद पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से ही रंजिश चल रही थी। आरोपियों का दावा है कि शिकायतकर्ता के भतीजे ने मुख्य आरोपी दिलप्रीत सिंह की एक महिला मित्र को कथित तौर पर परेशान (टीज) किया था, जिसके प्रतिशोध में इस पूरी वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि, पुलिस हर एंगल से मामले को खंगाल रही है। मुख्य आरोपी गिरफ्तार, हथियार की जांच जारी घटना की गंभीरता को देखते हुए धर्मकोट पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने इस संबंध में एफआईआर नंबर 177, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 109, 190, 191 और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 54, 59 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कोट सदर खां निवासी मुख्य आरोपी दिलप्रीत सिंह उर्फ दलजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा जग्गा सिंह, आकाश सिंह, सुखा लहोरिया, अर्जन सिंह, दलजीत सिंह उर्फ हनी, सिमरन सिंह, परमपाल सिंह और 2-3 अज्ञात लोगों को नामजद किया गया है। थाना धर्मकोट के एसएचओ, लक्ष्मण सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार लाइसेंसी था या अवैध, इसकी भी गहनता से जांच की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *