संगरूर में रिश्तेदारों ने की युवक की हत्या: गिरवी गहनों के विवाद में वारदात, 24 घंटे में पुलिस ने दोनों आरोपी पकड़े – Barnala News
संगरूर पुलिस ने अहमदगढ़ के अंतर्गत गांव कंगणवाल में हुई एक हत्या के मामले को 24 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने इस मामले में मृतक हरबिंदर सिंह उर्फ बिंदा के दो दूर के रिश्तेदारों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरवी रखे गए गहनों और घरेलू सामान को लेकर हुए विवाद के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया। एसपी (पीबीआई) राजविंदर सिंह रंधावा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव कंगणवाल निवासी मनदीप सिंह उर्फ काला और गांव संदौड़ निवासी संदीप सिंह के रूप में हुई है। ये दोनों आरोपी मृतक हरबिंदर सिंह उर्फ बिंदा के दूर के रिश्तेदार हैं। SP रंधावा बोले- 22 मई को मिली थी सूचना एसपी रंधावा के अनुसार, 22 मई को पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि गांव कंगणवाल में अकेले रहने वाले हरबिंदर सिंह उर्फ बिंदा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। सूचना मिलते ही थाना सदर अहमदगढ़ की एसएचओ इंस्पेक्टर गुरप्रीत कौर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। जांच के दौरान मृतक का शव उसके घर में बने कबूतरों के खड्डे से बरामद हुआ, जिसके हाथ-पैर बंधे हुए थे। मृतक के भाई मनदीप सिंह के बयानों के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी गुरमीत सिंह के निर्देश पर एसपी राजविंदर सिंह रंधावा की निगरानी में एक विशेष जांच टीम गठित की गई। इस टीम में डीएसपी दीपइंदरपाल सिंह, डीएसपी इंदरपाल चौहान, इंस्पेक्टर हरजिंदर सिंह और इंस्पेक्टर गुरप्रीत कौर शामिल थे। पुलिस ने किया घटनास्थल का निरीक्षण पुलिस टीम ने फोरेंसिक विशेषज्ञों की सहायता से घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल डेटा और अन्य सुरागों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया गया। लगातार पड़ताल के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें हत्या से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए और गुत्थी सुलझ गई। जांच में खुलासा हुआ कि मृतक हरबिंदर सिंह लोगों को घरेलू सामान और गहने गिरवी रखकर ऋण देने का काम करता था। आरोपियों का कुछ सामान और गहने भी उसके पास गिरवी रखे हुए थे। इसी लेन-देन और सामान को लेकर पैदा हुए विवाद ने धीरे-धीरे गंभीर रूप धारण कर लिया और आरोपियों ने कथित तौर पर हरबिंदर सिंह की हत्या की साजिश रच डाली। SP बोले- दोनों को कोर्ट में पेश करेंगे एसपी रंधावा ने बताया कि दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा ताकि मामले के अन्य पहलुओं की गहन जांच की जा सके और यह पता लगाया जा सके कि हत्या की योजना कब और कैसे बनाई गई थी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि वैज्ञानिक तरीके से जांच, फोरेंसिक साक्ष्यों और तकनीकी विश्लेषण के कारण इस अंधे कत्ल की गुत्थी को बहुत कम समय में सुलझाने में सफलता मिली है। मामले की आगे की जांच जारी है।
Source link

