दोस्तों से मिलने गया छात्र 13वीं मंजिल से गिरा, मौत: मोहाली के फ्यूचर हाइट्स सोसायटी में हादसा, एमिटी यूनिवर्सिटी में पढ़ता था युवक – Kharar News
मोहाली की फ्यूचर हाइट्स सोसायटी में 20 वर्षीय छात्र की ऊंचाई से गिरने के कारण मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही खरड़ सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। छात्र की पहचान वंश के रूप में हुई है सोनीपत (हरियाणा) का निवासी था। बताया जा रहा है कि वह दोस्त से मिलने यहां आया था। पुलिस यह जांच कर रही है कि यह एक दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। पुलिस मृतक के दोस्तों और अन्य संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में बीएनएस की धारा 194-बी के तहत कार्रवाई की गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। दोस्त ने फोन कर गिरने के बारे में दी जानकारी पिता मुकेश ने पुलिस को बताया कि वंश मोहाली के सेक्टर-82 स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी में पढ़ता था और पीजी में रहता था। शनिवार तड़के करीब 3 बजे उन्हें वंश के एक दोस्त का फोन आया, जिसने सूचित किया कि वंश फ्यूचर हाइट्स सोसायटी के ब्लॉक-सी स्थित फ्लैट नंबर 1309 से नीचे गिर गया है। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया सूचना मिलने पर परिजन खरड़ पहुंचे। वंश के दोस्तों के अनुसार, वह शुक्रवार रात अपने दोस्तों से मिलने सोसायटी आया था। इसी दौरान, वह 13वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट के पास बनी खाली जगह से नीचे गिर गया। गंभीर हालत में उसे तुरंत सिविल अस्पताल खरड़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
Source link

