अबोहर में बढ़ते अपराध पर जाखड़ का हमला: एक हफ्ते में हत्या, हमले और लूट की घटनाएं गिनाईं; बोले- कानून का डर खत्म – Abohar News

अबोहर में बढ़ते अपराध पर जाखड़ का हमला:  एक हफ्ते में हत्या, हमले और लूट की घटनाएं गिनाईं; बोले- कानून का डर खत्म – Abohar News




अबोहर विधानसभा क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर विधायक संदीप जाखड़ ने पंजाब सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ रही है और अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। जाखड़ ने बीते एक सप्ताह के दौरान हुई तीन बड़ी घटनाओं का हवाला दिया। उन्होंने बताया कि इन घटनाओं में अबोहर में एक युवक की हत्या हो चुकी है, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इसके बावजूद अपराध पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पाया है। संदीप जाखड़ ने कहा कि बाजारों और रिहायशी इलाकों में सरेआम हो रही घटनाएं दर्शाती हैं कि असामाजिक तत्वों में कानून का डर खत्म हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार और स्थानीय प्रशासन लोगों को सुरक्षित माहौल प्रदान करने में विफल रहे हैं। जाखड़ ने यह भी कहा कि केवल अबोहर ही नहीं, बल्कि पूरे पंजाब में कानून-व्यवस्था एक गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है। राज्य में आए दिन हत्या, लूटपाट, गैंगवार और फिरौती जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। जाखड़ ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान के पास गृह विभाग होने के बावजूद हालात नियंत्रण में न होने पर सवाल उठाए। जाखड़ ने सरकार से विज्ञापनों और दावों की बजाय जमीनी स्तर पर कानून-व्यवस्था सुधारने पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया। विधायक जाखड़ ने मांग की कि हाल ही में हुई सभी आपराधिक घटनाओं के आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने शहर में पुलिस गश्त बढ़ाने और लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की भी अपील की। जाखड़ ने चेतावनी दी कि यदि अपराध पर लगाम नहीं लगी तो वे जनता के साथ मिलकर एक बड़ा आंदोलन करेंगे। बस स्टैंड के निकट झगड़े में घायल युवकों ने लगाई न्याय की गुहार अबोहर बस स्टैंड के निकट हुए झगड़े को पांच दिन बीत जाने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज घायल जितेंद्र मेहता और दलजिंदर सिंह ने विधायक संदीप जाखड़ से मुलाकात कर अपनी आपबीती सुनाई। दोनों घायलों ने आरोप लगाया कि घटना में गंभीर चोटें आने के बावजूद अब तक उन्हें न्याय नहीं मिला है। जाखड़ ने उनकी शिकायत सुनने के बाद पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की। पार्षद लक्ष्मी रानी के पुत्र पर हमला, गंभीर हालत में रेफर सोमवार दोपहर वार्ड नंबर 6 की पार्षद लक्ष्मी रानी के पुत्र संजय पर कुछ अज्ञात युवकों ने हमला कर दिया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल संजय को सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए फरीदकोट रेफर कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद कई पार्षदों और राजनीतिक नेताओं ने अस्पताल पहुंचकर घटना की निंदा की तथा आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। करण हत्याकांड को लेकर बढ़ा रोष, परिजनों से मिले संदीप जाखड़ सुभाष नगर निवासी 20 वर्षीय करण की हत्या के बाद परिजनों और समाज के लोगों में भारी रोष है। न्याय की मांग को लेकर किए गए प्रदर्शन के दौरान विधायक संदीप जाखड़ भी सिविल अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। क्या बोले संदीप जाखड़ “अबोहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। यदि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई और कानून-व्यवस्था में सुधार नहीं आया तो जनता के साथ मिलकर संघर्ष किया जाएगा।”



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *