पठानकोट में तारें काटते युवक रंगे हाथ काबू: VIDEO : दूसरा साथी फरार, पिछले 20 दिनों में हुईं 20 चोरियां, जनता में भारी रोष – Pathankot News

पठानकोट में तारें काटते युवक रंगे हाथ काबू:  VIDEO : दूसरा साथी फरार, पिछले 20 दिनों में हुईं 20 चोरियां, जनता में भारी रोष – Pathankot News




पठानकोट के कस्बा सुजानपुर के कश्मीरी मोहल्ले में उस समय भारी हंगामा हो गया, जब स्थानीय निवासियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तारें चोरी कर रहे एक युवक को रंगे हाथ पकड़ लिया। हालांकि, इस दौरान उसका दूसरा साथी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर मौके से भागने में कामयाब रहा। लोगों ने उन्हें पकड़ने से पहले उनका वीडियो भी बनाया। पकड़े गए युवक की सूचना स्थानीय पुलिस को दी, जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पकड़े जाने के बाद जब गुस्साए मोहल्ला वासियों ने युवक से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने एक अजीबो गरीब बहाना बनाया। युवक ने दावा किया कि उसे किसी व्यक्ति ने कहा था कि उसे बिजली की तारों की जरूरत नहीं है, इसलिए वह यहां आकर ये तारें काट रहा था। हालांकि, लोगों ने उसकी एक न सुनी और उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
बंडल बनाकर भागने की फिराक में थे दोनों युवक
कश्मीरी मोहल्ला निवासी मुनीष कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि यह पूरी वारदात उनकी ही गली में अंजाम दी जा रही थी। मुनीष ने बताया कि उसके भाई रमन कुमार ने अचानक गली में दो अज्ञात युवकों को बिजली की तारें काटते हुए देख लिया। जब तक लोग पूरी तरह इकट्ठा होते, तब तक दोनों ने काटकर चुराई गई तारों के दो बड़े बंडल भी तैयार कर लिए थे और उन्हें लेकर भागने ही वाले थे।
रमन कुमार ने तुरंत शोर मचाया और संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख एक आरोपी तो तेजी से मौके से रफूचक्कर हो गया, लेकिन मोहल्ले के लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए दूसरे युवक को चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया।
20 दिनों में 20 चोरियां, हर दूसरे दिन चोरी हो रही मोटरें और टोटियां
इस घटना के बाद कश्मीरी मोहल्ले के निवासियों ने आरोप लगाया कि पिछले 15 से 20 दिनों के भीतर इस पूरे इलाके में लगभग 15 से 20 चोरियां हो चुकी हैं। नशेड़ियों और चोरों के गिरोह ने मोहल्ले के लोगों का जीना दुश्वार कर दिया है। चोर घरों के बाहर और छतों से पानी की मोटरें, कीमती बिजली की तारें और ब्रांडेड नल की टोटियां चुराकर ले जा रहे हैं।
लोगों का कहना है कि अब हालत ऐसी हो चुकी है कि हर दूसरे-तीसरे दिन चोरी की कोई न कोई नई वारदात सामने आ रही है, जिससे लोग रात को सोने से भी डरने लगे हैं।
पुलिस ने आरोपी को किया राउंडअप, केबल का बंडल बरामद
सूचना मिलते ही सुजानपुर पुलिस की टीम से एएसआई जसपाल सिंह पुलिस पार्टी सहित मौके पर पहुंचे। मामले की पुष्टि करते हुए जसपाल सिंह ने बताया कि उन्हें कश्मीरी मोहल्ले से केबल चोरी होने और स्थानीय लोगों द्वारा एक युवक के पकड़े जाने की शिकायत मिली थी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अक युवक को अपनी हिरासत में ले लिया है और उसे थाने ले जाकर गहनता से पूछताछ की जाएगी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मौके से कटी हुई केबल का एक बड़ा बंडल भी बरामद किया गया है, जिसे युवकों ने चुराने के मकसद से काटा था।
पुलिस का कहना है कि फरार युवक की तलाश के लिए छापेमारी की जाएगी और पकड़े गए आरोपी से पूछताछ के बाद इलाके में हुई अन्य चोरियों के सुराग मिलने की भी पूरी उम्मीद है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *