तरनतारन में बाइक की टक्कर के बाद बवाल: एक दर्जन से अधिक लोगों ने दुकान में तोड़फोड़ की, फायरिंग करने का भी आरोप – tarn-taran News

तरनतारन में बाइक की टक्कर के बाद बवाल:  एक दर्जन से अधिक लोगों ने दुकान में तोड़फोड़ की, फायरिंग करने का भी आरोप – tarn-taran News




शहर के व्यस्त अड्डा बाजार में मोटरसाइकिल टकराने के मामूली विवाद ने बेहद हिंसक रूप ले लिया। विवाद के बाद एक दर्जन से अधिक हथियारबंद हमलावरों ने दिनदहाड़े एक गारमेंट्स की दुकान पर धावा बोल दिया। हमलावरों ने दुकान के भीतर जमकर तोड़फोड़ की, दुकान मालिक व कर्मचारियों के साथ मारपीट की और भागते समय दहशत फैलाने के लिए हवा में फायरिंग भी की। घटना की सूचना मिलते ही तरनतारन सिटी पुलिस स्टेशन के अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। दुकान में घुसकर बुजुर्ग की उतारी पगड़ी, कर्मचारी भी घायल तरनतारन सिटी थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, सुपर बाजार निवासी तेजिंदर सिंह के बेटे हरप्रीत सिंह की मोटरसाइकिल को 22 मई की रात करीब 8 बजे दो अज्ञात युवकों ने टक्कर मार दी थी। उस वक्त दोनों पक्षों में थोड़ी कहासुनी हुई और मामला शांत हो गया। लेकिन आज दोपहर करीब 3 बजे हथियारों से लैस करीब 12 लोग तेजिंदर सिंह की रेडीमेड गारमेंट्स की दुकान में जबरन घुस गए। हमलावरों ने तेजिंदर सिंह के बुजुर्ग पिता मोहन सिंह के साथ गाली-गलौज और मारपीट करते हुए उनकी पगड़ी उतार दी। इस हमले में तेजिंदर सिंह और दुकान के कर्मचारी भी घायल हुए हैं। दुकानदारों ने घेरने की कोशिश की, तो फायरिंग करते हुए भागे जब दुकान के भीतर तोड़फोड़ और मारपीट का शोर सुनकर आसपास के दुकानदार इकट्ठा होने लगे और उन्होंने हमलावरों को पकड़ने का प्रयास किया, तो आरोपी खुद को घिरता देख हवा में गोलियां चलाते और ललकारे मारते हुए मौके से फरार हो गए। इस खौफनाक वारदात के बाद पीड़ित दुकानदार तेजिंदर सिंह ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि उनकी और उनके परिवार की जान को हमलावरों से गंभीर खतरा है, इसलिए उन्हें सुरक्षा मुहैया कराई जाए। बाजार यूनियन भड़की, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल इस वारदात को लेकर अड्डा बाजार यूनियन के अध्यक्ष गुरविंदर सिंह लाडी और अन्य स्थानीय दुकानदारों ने जिले के एसएसपी (SSP) से आरोपियों के खिलाफ कड़ी और तुरंत कार्रवाई की मांग की है। लाडी ने रोष जताते हुए कहा कि दिनदहाड़े ऐसी गुंडागर्दी और कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चिंता जताई कि इस बाजार में श्री दरबार साहिब (तरनतारन) आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ रहती है; ऐसे में फायरिंग के दौरान किसी निर्दोष को गोली लग सकती थी और बड़ा जानी नुकसान हो सकता था। दुकानदारों ने शहर की ढीली सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी तीखे सवाल उठाए हैं। सीसीटीवी फुटेज कब्जे में, आरोपियों की तलाश जारी इस सनसनीखेज मामले के संबंध में थाना सिटी के इंस्पेक्टर नवदीप भट्टी ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से गहराई से जांच कर रही है। वारदात के समय बाजार और दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। इंस्पेक्टर भट्टी ने आश्वासन दिया कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही सभी हमलावरों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *