बहन को वीडियो वॉट्सएप कर भाई ने सुसाइड किया: बोला- मुझे प्यार के जाल में फंसा शादी की, सिर पर छित्तर मारे, इन्हें जेल जरूर दिखाना – Pathankot News
गुरदासपुर में युवक ने वीडियो बनाकर सुसाइड किया।
गुरदासपुर में युवक ने नहर में कूदकर सुसाइड कर लिया। मरने से पहले उसने एक वीडियो बनाया। जिसमें आरोप लगाया कि पहले उसे प्यार के जाल में फंसाया गया। फिर उसके साथ शादी कर परेशान किया गया। उसके सिर पर छित्तर (जूते) मारे गए। लोगों के सामने पीटा। वह प्रॉपर्
.
युवक ने आगे कहा कि उसकी पत्नी और ससुर समेत मौत के जिम्मेदार सभी आरोपियों को जेल दिखाई जाए। यह वीडियो उसने बहन को वॉट्सएप पर भेजी और फिर नहर में छलांग लगा दी।
वीडियो देखने के बाद परिवार जब तक पहुंचा तो युवक की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद 6 आरोपियों पर केस दर्ज कर 5 को गिरफ्तार कर लिया है।
गुरदासपुर पुलिस की गिरफ्त में 5 आरोपी। इसमें महिलाएं भी शामिल।
सुसाइड से पहले बनाए VIDEO में युवक ने क्या कहा:-
- मेरी मौत के जिम्मेदार ससुराल वाले: 31 मई को बनाए वीडियो में अलीवाल रोड, बटाला के रहने वाले जोबनप्रीत ने कहा कि मेरी मौत के जिम्मेदार मेरे ससुराल वाले हैं। सरदार खजान सिंह की पोती, सरदार खजान सिंह, स्वीटी जो कि लड़की की बुआ है, जिसके घर वह किराए पर रहती थी, खुशदीप कौर खुशी, जगतार सिंह खुशी का पति और विकास।
- प्यार के जाल में फंसाया, सिर पर छित्तर मारे: जोबनप्रीत ने कहा- इन सबकी साजिश है मेरे घर की प्रॉपर्टी हड़प लेना। पहले इन्होंने बड़ी शान-शौकत से शादी करवाई। इनकी लड़की सिमरनजीत कौर ने मुझे प्यार में फंसाया। फिर इनकी लड़की ने प्यार में फंसाने के बाद मेरे साथ शादी की। शादी के कुछ महीने बाद ही वह मुझे तंग और परेशान करने लग गई। पापा पर हाथ उठाने लग गई, मेरे सिर में जूते (छित्तर) मारे।
- पत्नी ने तमाशा खड़ा किया, मुझे मरना पड़ रहा: जोबनप्रीत ने कहा- मैं बहुत ही दुखी हो गया। बहुत ही दुखी होकर इस नहर के अंदर छलांग लगाने जा रहा हूं। मेरी मौत का जिम्मेदार मेरा ससुराल परिवार है। खजान सिंह है मेरा ससुर, मुर्गी मोहल्ला बटाला, गली नंबर दो, चक्की वाली गली, एमसी के घर के सामने। मेरी मौत के जिम्मेदार ये हैं। मेरी पत्नी, जिससे मैं बहुत ज्यादा प्यार करता था, उसने तमाशा खड़ा किया। पिछले 10 दिन से तमाशा करके उसके घर वाले उसे घर से ले गए हैं और मुझे मौत के घाट उतरना पड़ रहा है।
- मेरी बहन और पिता का कोई दोष नहीं: इसमें मेरी बहन डॉक्टर गुरलीन का कोई भी दोष नहीं है, मेरे पिता सरदार हरपिंदर सिंह का कोई भी दोष नहीं है, मेरे जीजा का कोई भी दोष नहीं है। मैं अपनी जिंदगी से बहुत ही तंग आ चुका हूं। इतने साल मुझे मेरे पिता ने पाला, आज मैं मौत के घाट उतर रहा हूं जी। मेरी यह वीडियो मैं अपनी बहन के वॉट्सएप पर डाल रहा हूं।
- मेरी मौत की जिम्मेदार पत्नी, इन्हें जेल दिखाई जाए: मेरी मौत के बाद सिमरनजीत कौर, जो कि मेरी पत्नी है, उस पर सरासर मेरी मौत की जिम्मेदारी डाली जाए। मेरे ससुराल वालों पर मेरी मौत की जिम्मेदारी डाली जाए। जेलें दिखाई जाएं इनको। इनको पता चले कि कैसे किसी के बच्चे को प्यार के लालच में फंसाकर, फिर हमारे घर की जो प्रॉपर्टी इन्होंने हड़पनी है, उस लालच में आकर कैसे किसी की जान ली जाती है।
- मेरा बाप, बहन भी मर जाएंगे, इन्हें फांसी हो: जोबनप्रीत ने वीडियो के आखिर में कहा- मेरे पिता का कोई कसूर नहीं, बहन भी बेकसूर है। मेरे मरने के बाद मेरे पीछे मेरा बाप अकेला रह जाएगा, वह भी मर जाएगा। मेरी एक ही बहन है, वह भी मर जाएगी। मैं सुसाइड करने जा रहा हूं। मैं तो चाहता हूं कि इन सब जिम्मेदार लोगों को फांसी हो जी।

जानकारी देते हुए जोबनप्रीत के पिता हरपिंदर सिंह
बेटे की सुसाइड के बाद पिता ने क्या कहा:-
- मैं दिल का मरीज, इसलिए सब नहीं बताया: जोबनप्रीत सिंह के पिता हरपिंदर सिंह ने रोते-बिलखते हुए अपने बेटे के साथ हुए व्यवहार के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि बेटा इकलौता था और वह दिल के मरीज हैं, इसलिए जोबनप्रीत उन्हें अपनी पूरी तकलीफ नहीं बताता था, ताकि उन्हें कुछ न हो जाए।
- घर से निकालकर लोगों के सामने पीटा: पिता हरपिंदर सिंह ने रोते हुए कहा कि मेरे बेटे को उसके ससुराल वालों ने घर से निकाल कर लोगों के सामने बेरहमी से पीटा। एक बार तो मारपीट के दौरान उसका कंधा भी उतर गया था। लेकिन घर बसा रहे, यह सोचकर हमने पुलिस में शिकायत नहीं की।
- बेटा खाना खाने बैठता तो झगड़ा करते: हरपिंदर ने कहा कि जब भी जोबनप्रीत खाना खाने बैठता, उसकी पत्नी और ससुराल वाले लड़ाई शुरू कर देते थे। कई बार मेरा बेटा भूखा ही सो जाता था। पिता ने बताया कि बहू उसके ऊपर भी हाथ उठाने आ जाती थी।
- हमें चाय-पानी तक नहीं पूछा, फांसी हो: उसने कभी हमें चाय-पानी तक नहीं पूछा। घर में काम करने वाली महिला ने पारिवारिक सदस्य की तरह उन्हें खाना बनाकर खिलाया। इकलौते बेटे की मौत के बाद जोबनप्रीत के पिता ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को फांसी दी जाए ताकि किसी और के मासूम बच्चे के साथ ऐसा जुल्म न हो।
6 पर मामला दर्ज, 5 आरोपी गिरफ्तार इस मामले में बटाला थाने के एएसआई नरेश कुमार ने बताया कि हरपिंदर सिंह की शिकायत के आधार पर पत्नी सिमरनजीत कौर के अलावा स्वीटी, मनदीप कौर, जगतार सिंह, खजान सिंह व विकास के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में मृतक की पत्नी सिमरनजीत कौर, उसकी बुआ अमरदीप कौर स्वीटी, मनदीप कौर, दादा ससुर खजान सिंह और जगतार सिंह शामिल हैं। छठा आरोपी विकास अभी भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

