3.50 लाख की ठगी में गिरोह का एक सदस्य गिरफ्तार: पैसे दोगुने करने का दिया झांसा; लुधियाना के युवक को हिसार बुलाया था – Uklanamandi News
हिसार जिले की बरवाला थाना पुलिस ने करीब साढ़े 3 लाख रुपए की ठगी के चर्चित मामले में गिरोह के एक अन्य सदस्य को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपी को रिमांड पर लेकर पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने की तैयारी कर रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक कर्मजीत सिंह ने बताया कि 10 सितंबर 2025 को लुधियाना निवासी रिंकू मेहन ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि वह होजरी का व्यवसाय करता है। कुछ समय पहले उसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर कम समय में पैसे दोगुने करने का दावा करने वाला एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए गए नंबर पर संपर्क करने के बाद उसे हिसार बुलाया गया। लुधियाना से 3.50 लाख कैश लेकर पहुंचा था युवक शिकायतकर्ता अपने साथ 3 लाख 50 हजार रुपए कैश लेकर हिसार पहुंचा, जहां आरोपियों ने उसे जिंदल चौक से सरसौद मोड़ के पास बुलाया। वहां आरोपियों ने उसे भरोसे में लेने के लिए कुछ असली नोट दिखाए और पैसे दोगुने करने का झांसा दिया। योजनाबद्ध तरीके से आरोपियों ने शिकायतकर्ता का नकदी से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। बैग में साढ़े तीन लाख रुपए कैश रखे हुए थे। सिरसा का रहने वाला है आरोपी मामले की शिकायत मिलने के बाद थाना बरवाला में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस पहले ही इस मामले में एक आरोपी सुमेर पुत्र गोपीचंद निवासी जींद को गिरफ्तार कर चुकी है। अब पुलिस ने गिरोह के दूसरे सदस्य भुरा सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया है। भुरा सिंह कीर्ति नगर, सिरसा का रहने वाला है। आरोपी को रिमांड पर लेगी पुलिस पुलिस के अनुसार, आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड अवधि के दौरान उससे ठगी में शामिल अन्य साथियों, ठगी गई राशि की बरामदगी तथा गिरोह की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तृत पूछताछ की जाएगी। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ से इस प्रकार की अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है। पुलिस की आमजन को सलाह इस मामले को लेकर हिसार पुलिस ने आमजन को विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पैसे दोगुने करने, कम समय में अधिक मुनाफा कमाने या बिना जोखिम के बड़ी कमाई का दावा करने वाले अधिकांश प्रस्ताव ठगी का माध्यम होते हैं। सोशल मीडिया पर मिलने वाले ऐसे विज्ञापनों और ऑफरों से बचना चाहिए तथा किसी भी प्रकार का निवेश करने से पहले उसकी पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करनी चाहिए।
Source link

