बटाला ग्रेनेड हमले का तीसरा आरोपी गिरफ्तार: पुर्तगाल से BKI सरगना चला रहा था आतंकी मॉड्यूल; थानों पर हमले की साजिश रचने का आरोप – Batala News




पंजाब पुलिस ने बटाला ग्रेनेड हमले के तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) जालंधर और बटाला पुलिस ने संयुक्त अभियान में यह सफलता हासिल की। पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने आज यह जानकारी दी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बटाला के मुर्गी मोहल्ला निवासी करणजीत सिंह उर्फ बाचा के रूप में हुई है। यह गिरफ्तारी 1 अगस्त, 2026 को बटाला के अर्बन एस्टेट स्थित पुलिस चौकी पर हुए ग्रेनेड हमले में शामिल दो अन्य आरोपियों, राजन उर्फ गुल्लू और एक नाबालिग, की गिरफ्तारी के कुछ दिनों बाद हुई है। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि करणजीत उर्फ बाचा, पुर्तगाल स्थित बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के सरगना द्वारा संचालित आईएसआई समर्थित आतंकवादी मॉड्यूल का सदस्य है। खुफिया जानकारी के आधार पर दबोचा घटना के बाद से आरोपी फरार था और राज्य भर में पुलिस थानों पर इसी तरह के हमले करने की योजना बना रहा था। पुलिस टीमों ने तकनीकी और खुफिया जानकारी के आधार पर उसे पकड़ने में सफलता प्राप्त की। डीजीपी ने कहा कि पूरे आतंकवादी नेटवर्क का पर्दाफाश करने, विदेशी संचालकों और स्थानीय सहायता नेटवर्क की पहचान करने तथा साजिश में शामिल आपसी संबंधों को स्थापित करने के लिए आगे की जांच जारी है। बटाला थाने में दर्ज है केस इस संबंध में सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन, बटाला में 1 अगस्त, 2026 को एफआईआर संख्या 239 के तहत बीएनएस की धारा 109 और 324(4) तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया गया था।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *