लुधियाना सब्जी मंडी से व्यापारी अगवा: कारोबारी का आरोप-पिस्टल दिखाकर खाली कागजों पर कराए साइन; पुलिस बोली-लेनदेन का विवाद – Ludhiana News
लुधियाना के जालंधर बाईपास स्थित सब्जी मंडी में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कारोबारी ने कुछ लोगों पर पिस्टल के बल पर अगवा कर ले जाने, फायरिंग करने और खाली कागजों पर जबरन हस्ताक्षर करवाने के आरोप लगाए। कारोबारी का दावा है कि आरोपियों के साथ उसका कोई सीधा लेनदेन नहीं था, जबकि पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला करीब 10 लाख रुपए के वित्तीय विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। फिलहाल पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। महाराष्ट्र के कारोबारियों से 10 लाख का लेनदेन केला कारोबारी दीपक ने बताया कि उसका महाराष्ट्र के कुछ व्यापारियों के साथ करीब 10 लाख रुपए का लेनदेन चल रहा है। बुधवार को वह अपने कार्यालय में बैठा था, तभी प्रिंकल नामक व्यक्ति का फोन आया। उसने मिलने की बात कही, जिस पर दीपक ने उसे कार्यालय बुला लिया। कार्यालय पहुंचते ही पैसों की बात शुरू की दीपक के अनुसार, प्रिंकल नाम का व्यक्ति अपने एक अन्य साथी के साथ उसके कार्यालय पहुंचा। दोनों ने पहले पानी पिया और फिर पैसों के लेन-देन को लेकर बातचीत शुरू कर दी। उन्होंने महाराष्ट्र के व्यापारी के साथ चल रहे भुगतान विवाद के बारे में पूछा। दीपक मुताबिक उसने उनसे कहा कि उसका पैसों का लेन देन है। दोनों के पास थे हथियार, फायरिंग का आरोप कारोबारी दीपक का आरोप है कि दोनों व्यक्तियों के पास हथियार थे। एक ने अपना पिस्टल सोफे पर रखा, जबकि दूसरे ने काउंटर पर हथियार रख दिया। इसी दौरान उनमें से एक ने फायरिंग भी की। दीपक का कहना है कि नीचे बैठे उसके 3 कर्मचारियों ने भी गोली चलने की आवाज सुनी। पिस्टल के बल पर कोतवाली थाना ले जाने का आरोप दीपक ने आरोप लगाया कि इसके बाद दोनों व्यक्ति उसे अपने साथ जबरन कोतवाली थाना ले गए। रास्ते में उन्होंने कहा कि वहीं इंसाफ होगा और उसके खिलाफ मामला दर्ज करवाया जाएगा। कारोबारी के मुताबिक, वहां उससे खाली कागजों पर जबरन हस्ताक्षर भी करवाए गए। बाद में जब वह किसी तरह वापस अपने कार्यालय पहुंचा तो उसने पूरी घटना की जानकारी साथियों को दी और पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी। पुलिस बोली- मौके से नहीं मिला गोली का खोल सूचना मिलने पर थाना सलेम टाबरी पुलिस मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी एएसआई हरमेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, लेकिन वहां से गोली का कोई खोल बरामद नहीं हुआ और न ही फायरिंग के स्पष्ट निशान मिले हैं। उन्होंने बताया कि कार्यालय और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली गई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।एएसआई हरमेश सिंह के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला पैसों के लेनदेन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पक्षों से पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही फायरिंग और अन्य आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।
Source link

