फरीदकोट में चुनाव से पहले SSP का फ्लैग मार्च: बोलीं- शांति भंग करने वालो को बख्शा नहीं जाएगा, निष्पक्ष-भयमुक्त मतदान के लिए बढ़ाई चौकसी – Faridkot News
फरीदकोट में 26 मई (मंगलवार) को होने वाले नगर काउंसिल चुनावों से पहले पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। इन चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न करवाने के उद्देश्य से फरीदकोट पुलिस ने रविवार शाम शहर में फ्लैग मार्च निकाला। एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन के नेतृत्व में निकाले गए इस मार्च में एसपी,डीएसपी ,थाना प्रभारियों समेत भारी पुलिस बल ने हिस्सा लिया और लोगों में सुरक्षा की भावना को मजबूत किया गया। यह फ्लैग मार्च थाना सदर फरीदकोट से शुरू होकर शहर के प्रमुख क्षेत्र, विभिन्न बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा। पुलिस की मौजूदगी से शहर में सुरक्षा का संदेश देने के साथ-साथ लोगों को निर्भीक होकर मतदान करने के लिए प्रेरित किया गया। संवेदनशील वार्डो पर विशेष निगरानी रखी जा रही है-एसएसपी इस मौके पर एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन नेबताया कि नगर काउंसिल चुनावों को लेकर जिला पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं और संवेदनशील वार्डो पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि 1000 पुलिस कर्मियों पर आधारित टीमें मतदान वाले दिन हर वार्ड में पोलिंग बूथ पर कड़ी निगरानी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनावी माहौल खराब करने या शांति भंग करने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता है कि हर मतदाता बिना किसी डर, दबाव और प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। इसके लिए लगातार फ्लैग मार्च, गश्त और निगरानी अभियान चलाए जा रहे हैं। 26 मई को होगा 249 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला फरीदकोट जिले की 3 नगर काउंसिलों फरीदकोट, कोटकपूरा और जैतो के कुल 61 वार्डों में 26 मई को मतदान होना है। इसक लिए कुल 249 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। फरीदकोट जिले के 10 वार्डों पर पहले ही आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार निर्विरोध चुने जा चुके हैं। बाकी वार्डों में चुनाव को देखते हुए पूरे जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
Source link

