इस माह 32.6 मिमी बारिश, पिछले साल के मुकाबले 25% कम – Amritsar News
.
शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे हल्की बूंदाबांदी के साथ शुरू हुआ मौसम का बदलाव कुछ ही देर में बारिश में बदल गया। बारिश के चलते शनिवार को अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य तापमान से 13.7 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों में 7.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मई महीने में अब तक कुल 32.6 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है।
जो पिछले वर्ष के मुकाबले 25% कम है। वर्ष 2025 में 57.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई थी। इस बार मई में अपेक्षाकृत कम वर्षा होने से तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखी गई। सुबह 10 बजेआंधी में घिरा वाहन चालक। इस दौरान शहर और आसपास के इलाकों में मौसम सुहावना बना रहा तथा तेज गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत मिली। मौसम में आई इस नरमी का असर बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर भी दिखाई दिया, जहां लोग गर्मी से राहत महसूस करते नजर आए।
दोपहर करीब 2 बजे के बाद धूप निकल आई, हालांकि शाम तक बादलों और धूप का मिला-जुला मौसम बना रहा। दिनभर चलती ठंडी हवाओं और बादलों की आवाजाही ने मौसम को खुशनुमा बनाए रखा। मौसम केंद्र चंडीगढ़ के डायरेक्टर सुरिंदर पाल ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी गतिविधियों के कारण पंजाब के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बादल छाने की स्थिति बनी है।
उन्होंने कहा कि शनिवार को हुई बारिश से तापमान में अस्थायी गिरावट आई है, लेकिन अगले कुछ दिनों में मौसम सामान्य होने के साथ तापमान में फिर बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। 31 मई से आसमान आंशिक रूप से साफ रहने और 4-5 जून तक अधिकतम तापमान 38 से 39 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। लोगों को दोपहर के समय तेज धूप से बचाव रखने की सलाह दी गई है। सुरिंदर पाल, मौसम डायरेक्टर

