कम्युनिटी हेल्थ अफसरों ने उठाई वेतन-भत्तों की मांग – Jalandhar News
भास्कर न्यूज | जालंधर जालंधर में कम्युनिटी हेल्थ अफसरों (सीएचओ) ने अपनी मांगों को लेकर सिविल सर्जन कार्यालय में मांग-पत्र सौंपा। राज्य समिति की जनरल सचिव डॉ. पंखुड़ी और सोशल मीडिया इंचार्ज डॉ. विपन ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में वर्षों से नियमित सेवाओं के साथ कोरोना काल, बाढ़ और अन्य आपदाओं में भी सीएचओ ने बढ़-चढ़कर जिम्मेदारी निभाई है, फिर भी बीते करीब दो वर्षों से विभाग उनकी व्यावहारिक दिक्कतों और जायज मांगों की अनदेखी कर काम का बोझ बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों की तुलना में उन्हें 5000 कम वेतन मिल रहा है और केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार मिलने वाला लॉयल्टी बोनस भी नहीं दिया जा रहा। उनके अनुसार बार-बार ज्ञापन और बैठकों के बावजूद समाधान के स्थान पर मानसिक व वित्तीय शोषण बढ़ा है। उन्होंने कहा कि मांगें न सुलझीं तो वे ऑनलाइन-ऑफलाइन कार्य रोककर संघर्ष का रास्ता अपनाएंगे। इस दौरान डॉ. जतिंदर सिंह, सिमरनजीत कौर, डॉ. गुरबख्शिश सिंह, रमनबीर कौर, हरमिंदर कौर, संदीप सिंह, डॉ. प्रीत मखीजा और नरिंदर सिंह सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Source link

