अबोहर कॉलेज रोड पर दिनदहाड़े फायरिंग: फॉर्च्यूनर सवारों पर बरसाईं गोलियां, बाल-बाल बचे दो युवक, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस – Abohar News
अबोहर के व्यस्ततम कॉलेज रोड पर शुक्रवार दोपहर दिनदहाड़े अंधाधुंध फायरिंग की एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहां बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने एक फॉर्च्यूनर गाड़ी में सवार दो युवकों को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गनीमत यह रही कि इस हमले में किसी को भी गोली नहीं लगी और एक बड़ा हादसा टल गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव बहाववाला निवासी खुशदीप सिंह और परविंदर सिंह अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी में सवार होकर डीएवी कॉलेज की दिशा से आ रहे थे। जैसे ही वे कॉलेज रोड पर पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार हमलावरों ने उन पर अचानक गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से कॉलेज रोड पर मौजूद छात्रों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस मौके पर पहुंची, सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की तलाश घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी हरीश कुमार और थाना नंबर-2 की पुलिस टीम तुरंत भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने इलाके को सील कर घटनास्थल का बारीक निरीक्षण किया। प्राथमिक जांच के दौरान पुलिस को मौके से तीन खोल (खाली कारतूस) बरामद हुए हैं। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी हरीश कुमार ने बताया कि घटना की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है। आसपास की दुकानों और प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि हमलावरों के भागने के रूट और उनकी पहचान का पता लगाया जा सके। डीएसपी ने आश्वासन दिया कि आरोपियों को जल्द ही ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि शहर का माहौल खराब करने वाले किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।
Source link

