लुधियाना के सिविल अस्पताल में हंगामा: बच्चे की वीडियो बनाते युवक को रोका,गुस्से में आकर डॉक्टर के जड़े थप्पड़ – Ludhiana News

लुधियाना के सिविल अस्पताल में हंगामा:  बच्चे की वीडियो बनाते युवक को रोका,गुस्से में आकर डॉक्टर के जड़े थप्पड़ – Ludhiana News




लुधियाना के सिविल अस्पताल स्थित जच्चा-बच्चा विभाग में बुधवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब ड्यूटी पर तैनात एक डॉक्टर के साथ एक युवक ने कथित तौर पर मारपीट कर दी। घटना के बाद अस्पताल में तनावपूर्ण माहौल बन गया और बड़ी संख्या में डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मचारी मौके पर एकत्र हो गए। मामले की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-2 की पुलिस जांच के लिए अस्पताल पहुंच गई। रात करीब 11:15 बजे जच्चा-बच्चा विभाग में हुई झड़प जानकारी के अनुसार, रात करीब 11:15 बजे जच्चा-बच्चा विभाग में तैनात डॉक्टर नियमित निरीक्षण के लिए वार्ड में पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने एक अज्ञात युवक को वार्ड के अंदर एक बच्चे की वीडियो बनाते हुए देखा। डॉक्टर ने युवक से वीडियो बनाने का कारण पूछा और उसे ऐसा करने से मना किया और झड़प हो गई। दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद इतना बढ़ गया कि युवक ने अपना आपा खो दिया और डॉक्टर के साथ धक्का-मुक्की करते हुए उन्हें दो थप्पड़ जड़ दिए। घटना के बाद वार्ड में अफरा-तफरी मच गई। डॉक्टर के साथ हुई मारपीट की सूचना मिलते ही इमरजेंसी समेत विभिन्न विभागों के डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मचारी मौके पर पहुंच गए तथा घटना के खिलाफ रोष व्यक्त किया। अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बना रहा। घटना की सूचना पर थाना डिवीजन नंबर-2 के सब-इंस्पेक्टर गुरदेव सिंह पुलिस टीम सहित अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों से पूछताछ की और मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए। साथ ही घटनास्थल से संबंधित अन्य जानकारियां भी जुटाई गईं। खबर लिखे जाने तक पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी और किसी भी पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया था। वहीं अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों ने ड्यूटी के दौरान चिकित्सक के साथ हुई मारपीट पर नाराजगी जताते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। डयूटी पर मौजूद डॉक्टर ने कहा कि वह अपना नाम नहीं बता सकता उसने पूरे मामले को लेकर एसएमओ को जानकारी दे दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच पूरी होने के बाद बनती कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *