सर्च ऑपरेशन: 12 संदिग्धों को हिरासत में लिया, 6 वाहन जब्त – tarn-taran News
भास्कर न्यूज| तरनतारन तरनतारन जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला पुलिस ने वीरवार को पैरा मिलिट्री फोर्स के साथ मिलकर शहर के संवेदनशील इलाकों में बड़ा सर्च अभियान चलाया। डीएसपी सुखबीर सिंह और थाना सिटी प्रभारी नवदीप सिंह भट्टी के नेतृत्व में पुलिस व सुरक्षाबलों की संयुक्त टीमों ने अनाज मंडी, गोकुलपुर मोहल्ला, मुरादपुरा समेत कई क्षेत्रों को पूरी तरह सील कर सघन तलाशी ली।
सर्च ऑपरेशन के दौरान आने-जाने वाले लोगों और वाहनों की गहन जांच की गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, चेकिंग को देखकर कुछ संदिग्ध बाइक सवारों ने मौके से भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस कर्मियों ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। थाना सिटी प्रभारी नवदीप सिंह भट्टी ने बताया कि इस अभियान के दौरान करीब एक दर्जन (12) संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, वहीं बिना जरूरी दस्तावेजों के पाए गए 6 वाहनों को जब्त किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
Source link

