मोगा में कपड़े के शोरूम में आग: पांच दमकल गाडि़यों ने पाया काबू, मालिक ने लगाया फायर विभाग के पास जरूरी सामान न होने का आरोप – Moga News
पंजाब के मोगा में प्रताप रोड स्थित एक नामी कपड़े के शोरूम में बुधवार सुबह भीषण आग लग गई। इस हादसे में लाखों रुपये का कपड़ा जलकर खाक होने का अनुमान है। आग इतनी भयानक थी कि उस पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की 4 से 5 गाड़ियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 5 बजे स्थानीय लोगों ने प्रताप रोड पर स्थित शोरूम से गहरा धुआं निकलते देखा। देखते ही देखते पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और दुकान मालिक को दी गई। शोरूम के मालिक नितिन गर्ग ने बताया कि उन्हें सुबह दुकान में आग लगने की खबर मिली थी। जब वे मौके पर पहुंचे, तो शोरूम की छत से भारी मात्रा में धुआं निकल रहा था। नितिन गर्ग ने आशंका जताई है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। दुकान मालिक ने दमकल विभाग पर उठाए सवाल हादसे के बाद शोरूम मालिक नितिन गर्ग ने फायर ब्रिगेड की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मचारियों के पास बुनियादी उपकरण जैसे ‘टॉर्च’ तक उपलब्ध नहीं थी। टॉर्च न होने के कारण अंधेरे और धुएं के बीच आग की सही स्थिति का पता लगाने में काफी देरी हुई, जिससे नुकसान का दायरा और बढ़ गया। घने धुएं के कारण शीशा तोड़कर शुरू किया रेस्क्यू दूसरी ओर, फायर ब्रिगेड के कर्मचारी बेअंत सिंह ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 5:30 बजे घटना की सूचना मिली थी। टीम तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन पूरे शोरूम में घना धुआं भरा होने के कारण दृश्यता (विजिबिलिटी) बिल्कुल शून्य थी। फायर ब्रिगेड कर्मचारी बेअंत सिंह ने बताया कि अंदर कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था, इसलिए दुकान मालिक की सहमति से शोरूम के सामने का शीशा तोड़ा गया। जब धुआं थोड़ा कम हुआ, तब टीम ने अंदर घुसकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया और काफी प्रयासों के बाद इस पर काबू पाया। दमकल विभाग ने भी शुरुआती तौर पर आग का कारण शॉर्ट सर्किट ही माना है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें नुकसान के सटीक आकलन और घटना की जांच में जुट गई हैं।
Source link

