लुधियाना में बहू ने बनवाया फर्जी आधार कार्ड: सास बोली- बेटे के अंतिम संस्कार की डुप्लीकेट रसीद ली, ऑस्ट्रेलिया में रह रही – Ludhiana News
लुधियाना में बेटे की मौत के बाद उसकी पत्नी पर कथित तौर पर गलत जानकारी देकर आधार कार्ड बनवाने का आरोप लगा है। शिकायत के आधार पर थाना सराभा नगर पुलिस ने वीरवार को महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में बलविंदर कौर ने बताया कि उसके बेटे अमरबीर सिंह का विवाह 17 जनवरी 2023 को जसप्रीत कौर के साथ हुआ था। शिकायत के अनुसार, अमरबीर सिंह की मृत्यु के बाद आरोपी ने श्मशान घाट गांव सुनेत से अंतिम संस्कार की डुप्लीकेट रसीद हासिल की। महिला ऑस्ट्रेलिया में स्थायी रूप से रह रही आरोप है कि उस समय आरोपी महिला ऑस्ट्रेलिया में स्थायी रूप से रह रही थी, लेकिन इसके बावजूद उसने आधार कार्ड बनवाने के लिए आवश्यक शर्तों को पूरा किए बिना तथ्यों को छिपाकर अपना आधार कार्ड तैयार करवा लिया। जसप्रीत कौर के खिलाफ मामला दर्ज शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने आरोपों को प्रथम दृष्टया सही मानते हुए जसप्रीत कौर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी का मूल पता उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में बताया गया है, जबकि वर्तमान में वह पर्थ ऑस्ट्रेलिया में रह रही है। थाना सराभा नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आधार (लक्षित वितरण वित्तीय एवं अन्य सब्सिडी, लाभ एवं सेवाएं) अधिनियम तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
Source link

