बठिंडा में कमरे में पड़ी मिली युवक की लाश: चारों तरफ फैला था खून; पुलिस बोली- हत्या से इनकार नहीं – Bathinda News
बठिंडा की जनता नगर की गली नंबर 4 में एक घर के कमरे में एक व्यक्ति का खून से लथपथ शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। मृतक की पहचान जनता नगर निवासी सुरेंद्र कुमार (38) के रूप में हुई है, जो टाइलों का मिस्त्री था। पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की सूचना सहारा मुख्यालय को मिली, जिसके बाद सहारा जन सेवा की लाइफ सेविंग ब्रिगेड हेल्पलाइन टीम (संदीप गिल और गुली ठाकुर) घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने कमरे में रक्तरंजित शव देखा और तुरंत थाना कैनाल पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस की टीम थाना कैनाल की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान पाए गए। घटनास्थल पर फॉरेंसिक विभाग की टीम भी बुलाई गई, जिसने साक्ष्य जुटाए। प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। एसपी सिटी नरिंदर सिंह ने बताया कि उन्हें सुरेंद्र सिंह, पिता कल्याण सिंह, उम्र 38 साल की घर में पड़ी लाश के बारे में सूचना मिली थी। उनकी तरफ से थाना कैनाल की टीम भेजी गई थी। बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। पुलिस कार्रवाई के बाद, सहारा टीम ने मृतक के शव को अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है।
Source link

