हड़ताल कर रहे सेवाकेंद्र कर्मियों की नौकरी खतरे में: फाजिल्का में 20% को टर्मिनेट करने की मेल आई, वेतन को लेकर 6 दिन से चल रहा प्रदर्शन – Fazilka News
फाजिल्का में अपनी मांगों को लेकर 6 दिनों से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे पंजाब के सेवा केंद्र कर्मचारियों की नौकरी पर खतरा हो गया है। सेवा केंद्रों का संचालन करने वाली निजी कंपनी ने प्रदर्शन कर रहे करीब 20 प्रतिशत कर्मचारियों को टर्मिनेट (बर्खास्त) करने की ईमेल जारी कर दी है। इसके विरोध में आज फाजिल्का के सेवा केंद्र पर बड़ी संख्या में कर्मचारी एकत्र हुए, जहां उन्होंने सरकार और कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी और उग्र प्रदर्शन किया। कर्मचारी नेताओं का आरोप है कि सरकार और प्रबंधन उनकी जायज मांगों पर सुनवाई करने की बजाय, लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने वाले कर्मचारियों को बिना किसी पूर्व नोटिस के नौकरी से निकाल रहे हैं। “वायदे से मुकरी सरकार, हम बोझ नहीं रेवेन्यू का जरिया” सेवा केंद्र मुलाजिम पंजाब के सचिव गुरसेवक सिंह ने मीडिया बताया कि पंजाब भर के सेवा केंद्रों के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर 26 तारीख से हड़ताल पर हैं। आज उनकी हड़ताल का 6वां दिन है। कर्मचारी नेताओं ने सरकार पर वादाखिलाफ़ी के गंभीर आरोप लगाते हुए आंदोलन को आगे बढ़ाने की बात कही।
कर्मचारियों ने सरकार पर क्या आरोप लगाए 3 मई को होने वाले रोजगार मेले और नई भर्ती का विरोध यूनियन ने बताया कि कंपनी उन कर्मचारियों को निशाना बना रही है जो अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। इसी कड़ी में अब 3 मई को रोजगार मेलों के जरिए सेवा केंद्रों में नई भर्ती करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। कर्मचारी संगठनों ने दोटूक चेतावनी दी है कि सरकार और कंपनी की इस नई भर्ती प्रक्रिया का भी पुरजोर विरोध किया जाएगा। काम ठप होने से आम जनता बेहाल; दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर कर्मचारियों की इस बेमियादी हड़ताल के कारण सेवा केंद्रों में कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दूर-दराज के गांवों से काम करवाने आए आम लोगों ने अपना दर्द बयां करते हुए सरकार से समाधान की मांग की है। सोना पासवान, गुलाब, परवीन रानी (लधुका), और जोगिन्द्रो बाई (फतेहगढ़) ने कहा कि हम रोजाना यहां चक्कर काट-काट कर परेशान हो चुके हैं, लेकिन हड़ताल के कारण कोई काम नहीं हो रहा। किसी को शगुन स्कीम का फॉर्म भरना है, तो किसी को अपने जरूरी पहचान पत्र और दस्तावेज सही करवाने हैं। सरकार को जल्द ही इसका समाधान निकालना चाहिए ताकि जनता की परेशानी खत्म हो।”
Source link

