कपूरथला के 2 खिलाड़ी सेना में भर्ती: निर्मल कुटिया में संत सीचेवाल से की मुलाकात; वाटर स्पोर्ट्स से युवाओं को मिला रोजगार – Kapurthala News
संत सीचेवाल वाटर स्पोर्ट्स सेंटर ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। सेंटर के 2 युवा खिलाड़ी, रोहितप्रीत सिंह और हर्षदीप सिंह, भारतीय सेना में भर्ती हो गए हैं। रोहितप्रीत सिंह पंजाब बटालियन में और हर्षदीप सिंह सिख रेजिमेंट में शामिल हुए हैं। सेना में भर्ती होने के बाद, दोनों खिलाड़ी निर्मल कुटिया, सुल्तानपुर लोधी पहुंचे, जहां उन्होंने पर्यावरण प्रेमी और राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल से आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने युवाओं को सम्मानित करते हुए कहा कि यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और खेलों के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने बताया कि पंजाब में पानी की प्रचुरता के बावजूद वाटर स्पोर्ट्स को पर्याप्त पहचान नहीं मिल पाई थी। इसी कमी को दूर करने के लिए वर्ष 2014 में पवित्र काली वेईं के किनारे संत सीचेवाल वाटर स्पोर्ट्स सेंटर की स्थापना की गई। यह सेंटर तैराकी, कैनोइंग, कयाकिंग और ड्रैगन बोट जैसे खेलों का निःशुल्क प्रशिक्षण देता है। 80 से अधिक लड़के और लड़कियां ले रहे प्रशिक्षण वर्तमान में, इस सेंटर में 80 से अधिक लड़के और लड़कियां प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। कई युवा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर सरकारी नौकरियाँ और छात्रवृत्तियाँ प्राप्त कर चुके हैं। संत सीचेवाल ने कहा कि वाटर स्पोर्ट्स में पंजाब के खिलाड़ियों के लिए उज्ज्वल भविष्य है। ये खेल युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखकर अनुशासित जीवन जीने के लिए प्रेरित करते हैं। बचपन का सपना पूरा: रोहितप्रीत सिंह रोहितप्रीत सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि भारतीय सेना में भर्ती होना उनका बचपन का सपना था। उन्होंने कहा कि संत सीचेवाल वाटर स्पोर्ट्स सेंटर में मिले प्रशिक्षण ने उनकी शारीरिक और मानसिक तैयारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रोहितप्रीत ने निःशुल्क प्रशिक्षण, प्रशिक्षकों की मेहनत और संत सीचेवाल की प्रेरणा को अपनी सफलता का श्रेय दिया। उन्होंने बताया कि इसी के कारण वे राष्ट्रीय स्तर पर खेल सके, पदक और छात्रवृत्तियाँ प्राप्त कर सके और आज सेना में भर्ती होने का गौरव हासिल कर पाए हैं। उन्होंने अन्य युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों से जुड़ने की अपील भी की। हर्षदीप सिंह ने कहा कि सेना में भर्ती होना उनके जीवन का सबसे बड़ा सपना था, जो संत सीचेवाल वाटर स्पोर्ट्स सेंटर के प्रशिक्षण की बदौलत साकार हुआ है। उन्होंने बताया कि वाटर स्पोर्ट्स में हासिल उपलब्धियों और शारीरिक फिटनेस ने भर्ती प्रक्रिया के दौरान उनकी काफी सहायता की। उन्होंने युवाओं से खेलों के साथ जुड़कर अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने का आह्वान किया।
संत सीचेवाल ने कोच अमनदीप सिंह और उनकी पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि उनकी निरंतर मेहनत के कारण गांवों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी बड़े अवसर प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि निर्मल कुटिया की ओर से खिलाड़ियों को आवश्यक खेल सामग्री, नावें, जिम और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं, ताकि कोई भी प्रतिभाशाली बच्चा आर्थिक तंगी के कारण अपने सपनों से वंचित न रह जाए।
Source link

