डिंपल का हत्यारोपी सनकी, 3 महीने पहले कर चुका हंगामा: मोहाली मर्डर केस की खुल रही परतें; भाई बोला-डिंपल के बारे में फैलाई अफवाहें – Chandigarh News
मोहाली में कंपनी में घुसकर युवती का मर्डर करने वाला युवक अभी होश में नहीं आया है। जबकि दूसरी तरफ मृतका डिंपल के भाई ने बताया कि मैंने डिंपल से पूछा था कि अगर तुझे कोई पसंद है, तो तू हमें बता दे, हम तेरा रिश्ता कर देंगे। लेकिन हर बार उसने मना किया। वह कहती थी कि जहां कहोगे, वहीं रिश्ता करूंगी। उनका कहना है कि आरोपी सनकी था। 3 महीने पहले भी उसने कंपनी में हंगामा किया था। उसके पैरेंट्स भी आए थे। उसे समझाया था, लेकिन कंपनी की तरफ से कोई एक्शन नहीं लिया गया। पुलिस अपनी कार्रवाई कर रही है। हम चाहते हैं कि कंपनी पर एक्शन होना चाहिए। सीएम से गुहार लगाई है कि… इंसाफ दिया जाना चाहिए। सीएम मामले में हस्तक्षेप करें डिंपल के भाई ने कहा कि हमारी बहन के बारे में बहुत गलत बोला जा रहा है। मैं मुख्यमंत्री से मांग करता हूं कि इस मामले में ध्यान दिया जाए। कंपनी पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। महिला आयोग की चेयरपर्सन के बयान पर कहा कि जो भी बोल रहे हैं, वह कंपनी के फेवर में हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने यह तक कह दिया कि लड़की के घरवालों ने यह कहा कि लड़की की गलती थी। लेकिन न तो महिला आयोग का कोई मेंबर हमसे मिलने आया, न किसी से हमारी बात हुई। उन्हें शर्म आनी चाहिए कि वह इतनी बड़ी कुर्सी पर बैठकर इस तरह बोल रहे हैं। जो कुछ हमें बताने लगे, उन्हें नौकरी से निकाला डिंपल के भाई ने बताया कि हमें कंपनी का फोन आया कि उसकी तबीयत खराब है, आप आ जाओ। लेकिन हमें किसी ने नहीं बताया कि क्या हुआ। अस्पताल में उसका मृत शरीर मिला। जब कंपनी के मुलाजिम, जो उसके दोस्त थे, उसके बारे में बताने लगे कि लड़का शातिर था। वह ऑफिस में कई लोगों को तंग करता था। कई बार उसकी शिकायत हुई, लेकिन उसे निकाला नहीं गया। जब वहां मौजूद कंपनी की सीनियर अधिकारी को यह पता चला तो उसने कहा कि आपको ऑफिस आने की जरूरत नहीं है। यह डिंपल के फ्रेंड थे। एक महीना पहले मेरे भाई की शादी में आए थे। डिंपल के अंतिम संस्कार में दफ्तर से कोई नहीं आया डिंपल के अंतिम संस्कार में ऑफिस का एक भी कर्मचारी नहीं आया। किसी कंपनी का भी कोई व्यक्ति नहीं आया। समाज में बहुत गुस्सा है। महिलाओं में भी गुस्सा था। समाज ने तय किया है कि सोमवार को कंपनी के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। हम मांग करते हैं कि कंपनी हमारी बहन को बदनाम न करे। कंपनी पर एक्शन होना चाहिए। परिवार के लोगों का कहना है कि डिंपल को इंसाफ चाहिए। आरोपी को फांसी दी जानी चाहिए। लोगों का कहना है कि वह पढ़ी-लिखी थी। अभी तक आरोपी बयान देने की हालत में नहीं हरजिंदर सिंह मान ने डिंपल खत्री पर कई बार चाकू से हमला करने के बाद खुद को भी घायल कर लिया था। घटना के बाद वह गंभीर हालत में था और बयान देने की स्थिति में नहीं था। हालांकि अब डॉक्टरों ने उसे स्थिर बताया है और जल्द उससेपूछताछ की जाएगी। जांच में सामने आया है कि आरोपी दो रसोई वाले चाकू लेकर दफ्तर पहुंचा था। सीसीटीवी फुटेज में दिखा कि उसने डिंपल पर उस समय पीछे से हमला किया, जब वह अपने डेस्क पर काम में व्यस्त थीं। सहकर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं रुका और कई बार वार करता रहा। पुलिस अब आरोपी की निजी परिस्थितियों और पिछले महीनों के व्यवहार की जांच कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि वह मोहाली में अपनी बहन के साथ रहता था, जो हाल ही में उससे मिलने आई थी। अब जानिए अब तक मामले में क्या हुआ 4 जून 2026 (गुरुवार): मोहाली के फेज-11 स्थित एसआरपी यूएस लॉजिस्टिक कंपनी के दफ्तर में शाम करीब 7:30 बजे हरविंदर सिंह मान उर्फ हैरी पहुंचा। कुछ मिनट बाद उसकी डिंपल से बहस हुई और उसने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सहकर्मियों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने दूसरा चाकू निकालकर हमला जारी रखा। हमले के बाद उसने खुद पर भी चाकू से वार किए। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डिंपल को मृत घोषित कर दिया गया। रात में पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत जुटाए और जांच शुरू की। 5 जून 2026 (शुक्रवार): पुलिस ने दफ्तर के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लिए और जांच को आगे बढ़ाया। वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। पुलिस ने शुरुआती जांच में दावा किया कि आरोपी और डिंपल के बीच पहले संबंध थे और ब्रेकअप के बाद विवाद चल रहा था। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया। वहीं, डिंपल का अंतिम संस्कार पटियाला में किया गया। 6 जून 2026 (शनिवार): डिंपल के परिवार ने मीडिया के सामने आकर पुलिस और अन्य पक्षों द्वारा किए जा रहे प्रेम-प्रसंग के दावों को खारिज किया। परिजनों ने आरोप लगाया कि कंपनी सुरक्षा में हुई चूक को छिपाने के लिए ऐसी बातें फैला रही है। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
Source link

