लुधियाना फैक्ट्री गैस कांड पर NHRC सख्त: पंजाब के मुख्य सचिव-पुलिस कमिश्नर को नोटिस; 3 मजदूरों की मौत पर मांगा जवाब – Ludhiana News
मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा और लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा।
लुधियाना के एक फैक्ट्री में सीवरेज लाइन की हाथ से सफाई (मैनुअल स्कैवेंजिंग) के दौरान जहरीली गैस चढ़ने से हुई 3 मजदूरों की दर्दनाक मौत और 2 अन्य के गंभीर रूप से घायल होने के मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने बेहद कड़ा रुख अख्तियार किया है।
.
आयोग ने पंजाब के मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा और लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा को कड़ा नोटिस जारी कर अगले दो हफ्ते (14 दिन) के भीतर पूरे मामले पर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।
मानवाधिकार आयोग ने जताई गहरी चिंता, इन 3 बिंदुओं पर मांगा जवाब
NHRC ने स्पष्ट रूप से माना है कि अगर मीडिया में आई खबरें सच हैं, तो यह सीधे तौर पर इंसानी जिंदगी से खिलवाड़ और मानवाधिकारों का सबसे बड़ा उल्लंघन (Human Rights Violation) है। आयोग ने पंजाब के शीर्ष प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को जारी नोटिस में दो हफ्ते के भीतर निम्नलिखित बिंदुओं पर स्पष्ट और बिंदुवार रिपोर्ट मांगी है: जांच की वर्तमान स्थिति : इस पूरे मामले में फैक्ट्री प्रबंधन और दोषियों के खिलाफ अब तक पुलिस ने क्या कार्रवाई की है और एफआईआर की क्या स्थिति है?
घायलों का स्वास्थ्य :हादसे में बेहोश और गंभीर रूप से घायल हुए दोनों मजदूरों की वर्तमान स्थिति क्या है और उन्हें किस तरह का इलाज मुहैया कराया जा रहा है?
मुआवजा और राहत : पीड़ित और मृतक मजदूरों के परिवारों के लिए सरकार या प्रशासन की तरफ से अब तक किसी तरह के मुआवजे या आर्थिक मदद का ऐलान किया गया है या नहीं?

