पठानकोट में पशुओं से भरा कैंटर पकड़ा, ड्राइवर अरेस्ट: गाड़ी में बनाया सीक्रेट चैंबर, फट्टों के नीचे छिपाए मवेशी; दम घुटने से 3 की मौत – Pathankot News

पठानकोट में पशुओं से भरा कैंटर पकड़ा, ड्राइवर अरेस्ट:  गाड़ी में बनाया सीक्रेट चैंबर, फट्टों के नीचे छिपाए मवेशी; दम घुटने से 3 की मौत – Pathankot News




पंजाब से जम्मू-कश्मीर में होने वाली पशु तस्करी के खिलाफ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना नरोट जैमल सिंह की पुलिस ने लोगों की मदद से एक कैंटर गाड़ी को दबोचा है, जिसमें बेहद क्रूरता के साथ छिपाकर ले जा रहे 7 पशुओं को बरामद किया गया। अत्यधिक गर्मी और दम घुटने के कारण गाड़ी के अंदर ही 3 पशुओं की तड़प-तड़प कर मौत हो गई, जबकि 4 पशुओं को सुरक्षित बचा लिया गया है। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को गाड़ी सहित गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस से बचने के लिए बनाया था ‘सीक्रेट चैंबर’
तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए बेहद शातिराना तरीका अपनाया था। गाड़ी के अंदर लकड़ी के फट्टों (प्लैंक्स) का एक नकली फर्श (डबल डेकर) तैयार किया गया था। इस गुप्त हिस्से में 7 पशुओं को बेहद बेरहमी से ठूस-ठूस कर बांधा गया था, जहां हवा आने-जाने का कोई रास्ता नहीं था।
ऊपर के फर्श पर पानी के खाली डिब्बे और अन्य सामान रखा गया था। ताकि, नाके पर चेकिंग के दौरान पुलिस को लगे कि गाड़ी में सिर्फ व्यापारिक सामान लोड है। दम घुटने से 3 बेजुबानों ने तोड़ा दम
कैंटर चालक की क्रूरता का नतीजा ये रहा कि बंद चैंबर और भीषण गर्मी के कारण गाड़ी के अंदर का तापमान बेहद बढ़ गया। ऑक्सीजन की कमी और दम घुटने से 3 बेजुबान पशुओं ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। जानकारी के मुताबिक, तस्कर इन पशुओं को दीनानगर से कथलौर पुल के रास्ते होते हुए चोरी-छिपे जम्मू-कश्मीर ले जाने की फिराक में थे।
पुलिस को इस संबंध में एक पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर थाना नरोट जैमल सिंह की पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए नरोट जैमल सिंह के नजदीक पड़ते टी-पॉइंट पर नाकाबंदी कर दी। जैसे ही संदिग्ध कैंटर वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे घेर लिया। स्थानीय लोगों ने की मदद, भड़का गुस्सा
कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए। जब लोगों की मदद से कैंटर के गुप्त हिस्से को खोलकर पशुओं को बाहर निकाला गया, तो 3 पशु मृत अवस्था में मिले। बेजुबान जानवरों के साथ हुई इस भयानक क्रूरता को देखकर स्थानीय लोगों में भारी रोष फैल गया। लोगों ने तुरंत बाकी बचे 4 अस्वस्थ पशुओं को प्राथमिक उपचार और पानी की व्यवस्था करवाई। पुलिस कर रही मामले की जांच
इस संबंध में जानकारी देते हुए थाना नरोट जैमल सिंह प्रमुख कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए पशु तस्करी की इस कोशिश को नाकाम कर दिया है। आरोपी ड्राइवर को गाड़ी और पशुओं समेत मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया है।
गाड़ी से कुल 7 पशु बरामद हुए, जिनमें से 3 की मौत हो चुकी थी और 4 पूरी तरह स्वस्थ हैं। आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और तस्करी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की पूछताछ की जा रही है कि इस नेटवर्क के पीछे और कौन-कौन से तस्कर शामिल हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *