फरीदकोट में सास-बहू बनीं पार्षद: कोटकपूरा में एक परिवार के 3 सदस्य जीते; तीनों नगर कौंसिलों पर AAP का कब्जा – Faridkot News
जिले की तीनों नगर कौंसिलों फरीदकोट, कोटकपूरा और जैतो के चुनाव नतीजों में जहां आम आदमी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन किया, वहीं 2 परिवारों ने एक से ज्यादा सीट जीत कर अपनी राजनीतिक पकड़ का प्रदर्शन किया। फरीदकोट में सास-बहू ने चुनाव जीतकर सुर्खियां बटोरीं, जबकि कोटकपूरा में एक ही परिवार के तीन सदस्य पार्षद चुने गए। फरीदकोट नगर कौंसिल के कुल 25 वार्डों में से आम आदमी पार्टी को 10, कांग्रेस को 8 जबकि शिरोमणि अकाली दल को 7 सीटें मिली हैं। हालांकि आम आदमी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिल पाया, लेकिन वह सबसे बड़े दल के रूप में उभरी है। कोटकपूरा कौंसिल में आप का परचम कोटकपूरा कौंसिल के 29 वार्डों में से आम आदमी पार्टी ने 20 वार्डों में जीत दर्ज कर नगर कौंसिल पर कब्जा कर लिया। कांग्रेस को 5, शिरोमणि अकाली दल को 2 जबकि 2 निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे। वहीं जैतो नगर काउंसिल के कुल 17 वार्डों में से आम आदमी पार्टी ने 12 वार्डों में जीत हासिल की। शिरोमणि अकाली दल को 3 जबकि कांग्रेस को 2 वार्डों में सफलता मिली है। पारिवारिक रिश्तों की भी खूब चर्चा नगर कौंसिल चुनावों में पारिवारिक रिश्तों की भी खूब चर्चा रही। फरीदकोट में वार्ड नंबर 19 से शिरोमणि अकाली दल की मुस्कान ग्रोवर और वार्ड नंबर 21 से उनकी चाची सास उमा ग्रोवर विजयी रहीं। वहीं कोटकपूरा में एक ही परिवार के तीन सदस्य पार्षद चुने गए। वार्ड नंबर 10 से आम आदमी पार्टी के स्वतंत्र जोशी, वार्ड नंबर 11 से उनकी भाभी विजयप्रीत जोशी तथा वार्ड नंबर 16 से उनके बेटे एरन जोशी ने जीत हासिल कर परिवार की मजबूत राजनीतिक पकड़ साबित की। आप सरकार की कार्यप्रणाली और जनहित योजनाओं पर मोहर लगी: स्पीकर इन नतीजों पर विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने खुशी जताते हुए कहा कि लोगों ने राज्य की आम आदमी पार्टी सरकार की कार्यप्रणाली और जनहित योजनाओं पर मोहर लगाई है। उन्होंने कहा कि नगर कौंसिलों में भी आम आदमी पार्टी की भागीदारी बढ़ने से सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकेगा।
Source link

