मोहाली में महिला से झपटी गोल्ड चेन: गली में सैर कर रही थी, शोर मचाने पर भी नहीं पकड़ा गया; बाइक से भागे बदमाश – Kharar News
मोहाली के शहीद उधम सिंह नगर में सोमवार देर शाम चेन स्नैचिंग की घटना सामने आई है। वार्ड नंबर 24, खरड़ स्थित रंधावा रोड की कॉलोनी में महिला रोजाना की तरह सैर कर रही थी, तभी अज्ञात युवक ने उसके गले से करीब 2 तोले सोने की चेन झपट ली। महिला के पति सुरजीत सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी गली में टहल रही थी, तभी पीले रंग की टी-शर्ट पहने एक युवक पैदल तेजी से उसके पास आया और चेन छीनकर फरार हो गया। महिला ने शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी मौके से भाग चुका था। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। लोगों ने स्नैचिंग और चोरी की घटनाओं पर जताई चिंता घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह हाथ नहीं आया। बताया जा रहा है कि गली के मोड़ के पास एक अन्य युवक पहले से बाइक स्टार्ट कर खड़ा था, जिसके साथ बैठकर आरोपी फरार हो गया। स्थानीय निवासियों ने इलाके में बढ़ती स्नैचिंग और चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई है, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी: पुलिस सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link

