अबोहर में नहरबंदी पर किसान आमने-सामने: एक गुट विरोध में उतरा तो दूसरा नहरों की सफाई की मांग पर अड़ा – Abohar News
अबोहर में नहरबंदी को लेकर किसानों के दो गुटों के बीच विवाद गहरा गया है। एक गुट नहरबंदी का विरोध कर रहा है, जबकि दूसरा गुट नहरों की सफाई के लिए तत्काल नहरबंदी की मांग कर रहा है। यह स्थिति नहरी विभाग के लिए चुनौती बन गई है। नहरी विभाग के ऑफिस के बाहर सुखमंदर सिंह, सुखजिंदर राजन और सुशील सिहाग जैसे किसान नेताओं के नेतृत्व में किसानों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने तर्क दिया कि मौजूदा समय में नहरबंदी से फसलों के लिए पानी की कमी होगी, जिससे किसानों को भारी नुकसान हो सकता है। किसानों ने विभाग से बिना सलाह-मशवरा किए कोई भी फैसला न लेने की अपील की। दूसरी ओर, उस्मान खेड़ा सहित कई गांवों के किसानों ने नहरबंदी के समर्थन में अपनी आवाज उठाई। प्रगट सिंह बोले- अंतिम छोर तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा किसान नेता प्रगट सिंह ने बताया कि नहरों में गाद और घास जमा होने के कारण अंतिम छोर तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने मांग की कि कुछ दिनों के लिए नहरबंदी करके नहरों की पूरी सफाई करवाई जाए, ताकि सभी किसानों को समान रूप से पानी मिल सके। इस बढ़ते विवाद के बीच, नहरी विभाग के एक्सईएन सुखजीत सिंह ने कहा कि नहरबंदी के मुद्दे पर किसानों से बातचीत जारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही सहमति से कोई फैसला लिया जाएगा। एक्सईएन ने स्पष्ट किया कि विभाग का लक्ष्य सभी किसानों को बिना किसी भेदभाव के पर्याप्त पानी उपलब्ध कराना है। इस मुद्दे को लेकर क्षेत्र में किसान और राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं, और दोनों पक्ष अपनी-अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।
Source link

