बिक्रम मजीठिया आज मजीठा थाने में होंगे पेश: बोले- धक्केशाही या झूठे मामलों से कोई डर नहीं, थाने से जबरन छुड़ाया था आरोपी – Amritsar News
शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया आज अदालत के आदेशों के अनुसार FIR नंबर-91 के मामले में मजीठा थाने में पेश होंगे। इसकी जानकारी उन्होंने स्वयं अपने सोशल मीडिया हैंडल पर वीडियो संदेश जारी कर दी है। वीडियो में मजीठिया ने कहा कि वह अदालत के आदेशों का सम्मान करते हैं। कानून का पालन करते हुए आज दोपहर करीब 12:30 बजे मजीठा थाने में हाजिरी दर्ज करवाएंगे। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ दर्ज मामला झूठा है, लेकिन इसके बावजूद वह जांच में पूरा सहयोग देंगे। धक्केशाही या झूठे मामलों से कोई डर नहीं मजीठिया ने पंजाब सरकार पर राजनीतिक द्वेष की भावना से कार्रवाई करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उन्हें सरकार की कथित धक्केशाही या झूठे मामलों से कोई डर नहीं है। वह आगे भी लोगों के हक और सच की लड़ाई लड़ते रहेंगे। अकाली नेता ने अपने समर्थकों और क्षेत्र के लोगों का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्हें हमेशा जनता का साथ और आशीर्वाद मिलता रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह एक जनप्रतिनिधि के तौर पर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहेंगे। अब जानिए क्या है पूरा मामला:- गौरतलब है कि 15 जून को अमृतसर की अदालत ने मजीठिया को अंतरिम जमानत दी थी। यह मामला पुलिस के मुताबिक 30 मई को मजीठा थाने में दर्ज FIR नंबर 90 से जुड़ा है, जिसमें सोहियां कलां के जोबनप्रीत सिंह को नामजद कर गिरफ्तार किया गया था। सरकारी रिकॉर्ड और केस फाइलों से छेड़छाड़ की आरोप है कि 31 मई को बड़ी संख्या में भीड़ थाने के बाहर जमा हो गई और उन्होंने पुलिस कर्मियों को धक्का देकर अंदर घुसने की कोशिश की। इस दौरान पूर्व विधायक बिक्रम मजीठिया भी मौजूद थे। इसके बाद भीड़ थाने में घुस गई। आरोप है कि इस दौरान सरकारी रिकॉर्ड और केस फाइलों से छेड़छाड़ की गई तथा सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया। एसएचओ का मोबाइल छीनने की भी कोशिश डीएसपी व एसएचओ मजीठा ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने की कोशिश की और बताया कि जोबनप्रीत को कानूनी प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार किया गया है। इसके बावजूद आरोपियों ने उसे कमरे से बाहर खींचने का प्रयास किया और एसएचओ का मोबाइल छीनने की भी कोशिश की। स्थिति बिगड़ने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी जोबनप्रीत को दोबारा गिरफ्तार कर लिया।
Source link

