गुरदासपुर में भाजपा नेता के पेट्रोल पंप पर ताबड़तोड़ फायरिंग: 2 करोड़ की फिरौती मांगी, मैसेज भेजा-अभी सिर्फ ट्रेलर, 10 दिन बाद दिखाएंगे पूरी फिल्म, भाजपा नेता ने खुद की रिवाल्वर से किया क्रॉस फायर – Pathankot News

गुरदासपुर में भाजपा नेता के पेट्रोल पंप पर ताबड़तोड़ फायरिंग:  2 करोड़ की फिरौती मांगी, मैसेज भेजा-अभी सिर्फ ट्रेलर, 10 दिन बाद दिखाएंगे पूरी फिल्म, भाजपा नेता ने खुद की रिवाल्वर से किया क्रॉस फायर – Pathankot News




गुरदासपुर के भाजपा जिला ट्रेड सेल के अध्यक्ष विजय सोनी को निशाना बनाकर उनके पेट्रोल पंप पर अंधाधुंध गोलियां चलाई गईं। वारदात के दौरान भाजपा नेता पैट्रोल पंप पर मौजूद थे औऱ हिसाब करने में लगे थे। गोलियों की आवाज सुनकर वो बाहर निकले और हौसला दिखाते हुए हमलावरों पर अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से क्रॉस फायरिंग कर दी, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। इस घटना में किसी भी तरह के जानी नुकसान से बचाव रहा है।
लेकिन, उनकी कार पर 2-3 गोलियां लगी हैं। वहीं, गोलीबारी की पूरी घटना पैट्रोल पंप के सीसीटीवी में कैद हुई है। इस मामले में पुलिस का कोई अधिकारिक बयान सामने नहीं आया। लेकिन, 12 बजे गुरदासपुर पुलिस ने प्रैस कान्फ्रैंस बुलाई है।
पंप पर हिसाब कर रहे थे तभी आए बाइक सवार हमलावर
घटना की जानकारी देते हुए पीड़ित भाजपा नेता विजय सोनी ने बताया कि रात साढ़े 10 बजे के आसपास वो अपने पेट्रोल पंप पर बैठकर स्कैनर और पैसों का हिसाब-किताब कर रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो युवक वहां पहुंचे, जिन्होंने अपने मुंह बांधे हुए थे। जब तक वह कुछ समझ पाते, हमलावरों ने अचानक उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
बैग से रिवॉल्वर निकाल की क्रॉस फायरिंग
विजय सोनी के मुताबिक, उनका बैग पास ही पड़ा था जिसमें उनकी रिवाल्वर रखी हुई थी।उन्होंने तुरंत अपनी रिवाल्वर निकाली और हमलावरों पर जवाबी कार्रवाई करते हुए दो से तीन राउंड क्रॉस फायर किए। भाजपा नेता को भारी पड़ता देख हमलावर तुरंत मोटरसाइकिल पर सवार होकर भाग निकले।
अभी ट्रेलर है, 10 दिन बाद पूरी पिक्चर दिखाएंगे
विजय सोनी के भांजे ने बताया कि उनके मामा पिछले काफी समय से भाजपा के लिए पूरी मेहनत से काम कर रहे हैं और वे जिला ट्रेड सेल के प्रधान हैं। उन्हें पिछले कुछ समय से विदेशी नंबरों से धमकियां और कॉल आ रहे थे, जिन्हें वे अक्सर व्यस्त होने के कारण इग्नोर कर देते थे। हमलावरों ने वारदात को अंजाम देने के बाद एक मैसेज और ऑडियो रिकॉर्डिंग भी भेजी है। जिसमें हमलावरों ने साफ शब्दों में दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगी है। उन्होंने धमकी देते हुए मैसेज में लिखा है कि यह तो सिर्फ एक ट्रेलर था, अगर 10 दिनों के भीतर दो करोड़ रुपये नहीं दिए, तो पूरी पिक्चर साफ कर देंगे।
पार्टी के साथ डटकर खड़े, डरेंगे नहीं
विजय सोनी ने साफ कहा कि वे अपनी पार्टी (भाजपा) के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे और डरने वाले नहीं हैं। घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिवार ने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और रवीनकरण सहित रवनीत सिंह बिट्टू को भी इस घटना की पूरी जानकारी मैसेज के जरिए दे दी है। नेताओं का कहना है कि वे इस मामले को लेकर प्रशासन के समक्ष कड़ा रुख अपनाएंगे।
पीड़ित परिवार ने पंजाब की कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
इस जानलेवा हमले के बाद पीड़ित परिवार ने पंजाब की कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन पर गहरे सवाल उठाए हैं। विजय सोनी के भांजे ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि पंजाब में आम जनता तो दूर, अब पुलिस खुद सुरक्षित नहीं है, हाल ही में एक एएसआई की गोली लगने से मौत का मामला सामने आया था। महज दो दिन पहले ही कलानौर के एक अस्पताल में ग्रेनेड हमला हुआ था, जिसका अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है। राज्य में दिन-ब-दिन फिरौतियां मांगने के मामले बढ़ते जा रहे हैं।
पुलिस कर रही मामले की जांच
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। पेट्रोल पंप की छतों और दीवारों पर गोलियों के निशान साफ देखे जा सकते हैं। पुलिस ने अज्ञात मोटरसाइकिल सवार हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ रंगदारी वाले ऑडियो मैसेज की भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने 12 बजे के करीब इस पूरे मामले पर प्रैस कान्फ्रैंस बुलाई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *