पेपर लीक के खिलाफ पंजाब में कांग्रेस का हल्ला बोल: जिला मुख्यालयों पर आज प्रदर्शन, वड़िंग बोले- स्टूडेंट्स के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं – Ludhiana News

पेपर लीक के खिलाफ पंजाब में कांग्रेस का हल्ला बोल:  जिला मुख्यालयों पर आज प्रदर्शन, वड़िंग बोले- स्टूडेंट्स के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं – Ludhiana News




देशभर में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों को लेकर सियासत गरमा गई है। लाखों स्टूडेंट्स के भविष्य और मेहनत के साथ हुए खिलवाड़ के विरोध में पंजाब कांग्रेस आज राज्यभर में जिला स्तर पर धरना-प्रदर्शन करेगी। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PPCC) के अध्यक्ष और लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के नेतृत्व में पूरे पंजाब में एक साथ बड़े स्तर पर प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। इस मुद्दे को लेकर विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों और शिक्षकों में भी केंद्र सरकार के प्रति नाराजगी देखी जा रही है। राजा वड़िंग ने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ता आज पंजाब के सभी जिला मुख्यालयों पर विरोध प्रदर्शन करेंगे। सुबह से ही विभिन्न जिलों में कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और छात्र संगठन बड़ी संख्या में इन प्रदर्शनों में शामिल होंगे। लाखों स्टूडेंट्स की मेहनत पर फिरा पानी राजा वड़िंग ने कहा कि दिन-रात मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले लाखों होनहार विद्यार्थियों के सपनों पर पानी फिर गया है। जब कोई परीक्षा रद्द होती है, तो इसका असर केवल विद्यार्थियों पर ही नहीं पड़ता, बल्कि उनके अभिभावकों की उम्मीदों और शिक्षकों की मेहनत पर भी पड़ता है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक माफिया देश की शिक्षा व्यवस्था को खोखला कर रहा है। पेपर लीक की घटनाओं ने करोड़ों ईमानदार विद्यार्थियों का भरोसा तोड़ा है। यह सिर्फ किसी परीक्षा का पेपर लीक होना नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य पर सीधा हमला है। इसके पीछे अभिभावकों की गाढ़ी कमाई और शिक्षकों के मार्गदर्शन का भी अपमान छिपा है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि जब तक प्रभावित विद्यार्थियों को न्याय नहीं मिलता, पार्टी उनकी आवाज उठाती रहेगी और इस मुद्दे पर संघर्ष जारी रखेगी। कांग्रेस की मुख्य मांगें: निष्पक्ष जांच: पूरे पेपर लीक नेटवर्क की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। दोषियों की गिरफ्तारी: इस महाघोटाले के पीछे छिपे बड़े मगरमच्छों और दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। फास्ट ट्रैक कोर्ट: स्टूडेंट्स के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में केस चलाकर सख्त से सख्त सजा दी जाए। केंद्र सरकार की नाकामी पर घेरा कांग्रेस ने सीधे तौर पर केंद्र सरकार को इस बदहाली का जिम्मेदार ठहराया है। कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र सरकार देश में एक पारदर्शी, सुरक्षित और साफ-सुथरी परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। सरकारी एजेंसियों की ढिलाई के कारण ही आज शिक्षा माफिया के हौसले बुलंद हैं। पेपर लीक की वजह से आज देश का हर स्टूडेंट, पेरेंट और टीचर खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है और देश की साख दांव पर लगी हुई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *