मोहाली में सेवा केंद्र कर्मचारियों की हड़ताल: DC ऑफिस के बाहर धरने पर बैठे, समय पर वेतन नहीं मिलने से भड़के; नारेबाजी की – Mohali News
मोहाली में सेवा केंद्र कर्मचारियों ने डीसी कार्यालय के बाहर हड़ताल शुरू कर दी है, जिससे आम लोगों की सुविधाओं पर असर पड़ेगा। कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर यह आंदोलन शुरू किया है और चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो यह पूरे पंजाब में फैल सकता है। सेवा केंद्र जिला कर्मचारी यूनियन के बैनर तले बड़ी संख्या में कर्मचारी बुधवार को डीसी कार्यालय परिसर में एकत्र हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि वे लंबे समय से अपनी मांगें सरकार और प्रशासन के समक्ष रख रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। वेतन में वृद्धि न होना उनकी प्रमुख शिकायतें कर्मचारियों का आरोप है कि सेवा केंद्रों में निजी कंपनी आधारित व्यवस्था के कारण उन्हें कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। समय पर वेतन न मिलना और महंगाई के बावजूद वेतन में वृद्धि न होना उनकी प्रमुख शिकायतें हैं। ठेकेदारी प्रथा को समाप्त किया जाए कर्मचारी नेताओं की मुख्य मांग है कि ठेकेदारी प्रथा को समाप्त किया जाए और उन्हें सीधे सरकारी विभाग के अधीन लाकर नियमित किया जाए। उनका कहना है कि इससे कर्मचारियों का भविष्य सुरक्षित होगा और आम जनता को भी बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी। पंजाबभर में कलम छोड़ हड़ताल शुरू करने की चेतावनी यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द बातचीत कर समाधान नहीं निकाला, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने पंजाबभर में कलम छोड़ हड़ताल शुरू करने की भी बात कही है। ऐसे में जन्म प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, रिहायशी प्रमाण पत्र सहित सेवा केंद्रों से जुड़े कई जरूरी काम प्रभावित हो सकते हैं।
Source link

