मोहाली में युवक का मर्डर: खून से लथपथ मिला शव, शरीर पर थे चाकू के कई निशान; पुलिस जांच में जुटी – Mohali News
मोहाली के झामपुर इलाके में एक युवक के मर्डर का मामला सामने आया है। युवक का खून से लथपथ शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक के शरीर पर चाकू के कई निशान मिले हैं। मृतक की पहचान मलोया निवासी दीपक कुमार के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए खरड़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। जांच के तहत पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाके का फोन डंप डेटा हासिल किया है। इसके अलावा यह भी पता लगाया जा रहा है कि दीपक कुमार झामपुर इलाके में कैसे और किन परिस्थितियों में पहुंचा था। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा। आटो वाले ने देखा था सबसे पहले शव को
घटना शनिवार रात की है। रात करीब 9:36 बजे एक ऑटो चालक झामपुर इलाके से गुजर रहा था। इसी दौरान उसकी नजर सड़क पर पड़े एक व्यक्ति पर पड़ी। पहले उसे लगा कि कोई नशे की हालत में बेसुध होकर पड़ा है। जब वह उसके करीब पहुंचा और टॉर्च की रोशनी डाली तो युवक के शरीर पर चाकू के कई घाव दिखाई दिए और उसके शरीर से खून बह रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ऑटो चालक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। इसके बाद घायल युवक को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान मलोया निवासी दीपक कुमार के रूप में हुई है।
Source link

