यूजी कोर्सेज की फाइनल मेरिट लिस्ट जारी, अब शुरू होगी काउंसलिंग प्रक्रिया – Jalandhar News
भास्कर न्यूज | जालंधर राज्य के विभिन्न सरकारी और निजी कॉलेजों में अंडर ग्रेजुएट्स कोर्सेज में दाखिले के लिए सैंट्रलाइज्ड एडमिशन पोर्टल पर बुधवार (17 जून) को फाइनल मेरिट लिस्ट जारी कर दी गई है। मेरिट लिस्ट जारी होने के साथ ही अब दाखिला प्रक्रिया अगले चरण में प्रवेश कर गई है और छात्रों के लिए काउंसलिंग एवं सीट आवंटन का दौर शुरू होगा। इस साल पोर्टल पर छात्रों की ओर 46,117 आवेदन अंडर ग्रेजुएट कोर्स के लिए आए। इनमें 27,580 आवेदन आरक्षित वर्ग से संबंधित रहे। वहीं 25,972 आवेदन एससी/एसटी और बीसी/ओबीसी वर्ग के छात्रों के हैं। कुल आवेदकों में 31,097 फिमेल एपलीकेंट शामिल हैं, जो उच्च शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता और रुचि को दर्शाता है। फाइनल मेरिट लिस्ट जारी होने के बाद अब पहले चरण की काउंसलिंग और दाखिला प्रक्रिया 19 जून से 26 जून 2026 तक चलेगी। इस दौरान मेरिट के आधार पर छात्रों को कॉलेज और कोर्स आवंटित किए जाएंगे। सीट मिलने के बाद छात्रों को निर्धारित समय सीमा के भीतर संबंधित कॉलेज में अपने डॉक्युमेंट वेरिफाई करवाना होगा और प्रवेश शुल्क जमा कर दाखिला सुनिश्चित करना होगा। जिन छात्रों को पहले चरण में सीट आवंटित नहीं होगी या जो आवंटित सीट से संतुष्ट नहीं होंगे, उनके लिए दूसरे चरण की काउंसलिंग 27 जून से 3 जुलाई 2026 तक आयोजित की जाएगी। इस चरण में खाली सीटों के आधार पर दोबारा सीट आवंटन किया जाएगा। इसके बाद भी यदि सीटें खाली रहती हैं तो 4 जुलाई से 21 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन ओपन काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। ओपन काउंसलिंग के माध्यम से छात्र उपलब्ध रिक्त सीटों के लिए आवेदन कर सकेंगे। यूजी ऑनलाइन ओपन काउंसलिंग की अंतिम तिथि 21 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। नियमों के अनुसार छात्रों को 21 जुलाई तक प्रवेश शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा। इसके बाद, यदि सीटें खाली रहती हैं, तो 22 जुलाई 2026 से लेट फीस के साथ प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।
Source link

