बाइक को टक्कर मारने वाले कार ड्राइवर पर केस दर्ज: फतेहाबाद से संगरूर जा रहे युवकों में मारी टक्कर; एक की हालत गंभीर – Fatehabad (Haryana) News
फतेहाबाद से पंजाब के संगरूर जिले में जा रहे युवकों की बाइक को टक्कर मारने के आरोपी कार ड्राइवर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। कार करनाल आरटीए कार्यालय में रजिस्टर्ड है। नंबर के आधार पर पुलिस ने आरोपी ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। टक्कर लगने से बाइक सवार दो युवक घायल हो गए थे। एक युवक का अभी भी इलाज चल रहा है। रतिया पुलिस को दिए ब्यान में पंजाब के जिला संगरूर के गांव डसका निवासी अर्शदीप सिंह (22) ने बताया कि 1 जून को वह और उसका दोस्त आकाशदीप (24) बाइक पर सवार होकर रायपुर ढाणी भिरडाना में क्रिकेट खेलने के लिए आए थे। शाम को वापस अपने गांव जा रहे थे। उस समय बाइक को आकाशदीप चला रहा था और वह पीछे बैठा था। जब बुढलाडा रोड पर घग्गर पुल से थोडा आगे कमाना मोड़ के पास पहुंचे तो सामने से बुढलाडा की तरफ से कार आ रही थी। कार ड्राइवर अपने आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक कर रहा था, इतने में ही उसने हमारी बाइक में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही सड़क पर गिरे दोनों युवक अर्शदीप ने बताया कि टक्कर लगते ही दोनों बाइक समेत सड़क के किनारे गिर गए। इस कारण आकाशदीप के काफी चोटें लगी जबकि उसे मामूली चोटें आई। किसी राहगीर ने एम्बुलेंस हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दी। इसके बाद दोनों को रतिया के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां से डॉक्टर ने आकाशदीप को ज्यादा चोटें होने के कारण अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। बठिंडा के अस्पताल में चल रहा इलाज इसके बाद आकाशदीप के परिजन ज्यादा चोटें होने के कारण उसे बठिंडा के प्राइवेट अस्पताल में दाखिल करवाया। जहां पर अभी भी आकाशदीप का इलाज चल रहा है। पुलिस ने करनाल नंबर की गाड़ी के नंबर के आधार पर आरोपी ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही उसके खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाकर टक्कर मारने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है।
Source link

