होशियारपुर में कांग्रेस काउंसलर पर हमले से भड़के राजा वडिंग: आप सरकार और पंजाब पुलिस को घेरा, कहा: झुलस रहा पूरा सूबा – Hoshiarpur News

होशियारपुर में कांग्रेस काउंसलर पर हमले से भड़के राजा वडिंग:  आप सरकार और पंजाब पुलिस को घेरा, कहा: झुलस रहा पूरा सूबा – Hoshiarpur News




होशियारपुर (दसूहा) में कांग्रेस काउंसलर ‘भुल्ला राणा’ पर हुए जानलेवा हमले के बाद सूबे की सियासत गरमा गई है। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने भुल्ला राणा से मुलाकात की है। जिसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष ने आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार और पंजाब पुलिस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में जीत दर्ज करने के बाद काउंसलर की बेरहमी से टांगें-बांहें तोड़ दी गईं, लेकिन पुलिस ने हल्की धाराओं में मामूली केस दर्ज किया है। इसके विरोध में कांग्रेस ने पूरे पंजाब में ‘झाड़ू उछाल’ प्रदर्शन की चेतावनी दी है। वहीं, राजा वडिंग ने कांग्रेस छोड़कर दूसरी पार्टियों में गए नेताओं की घर-वापसी के संकेतों और पार्टी की अंदरूनी एकजुटता पर भी खुलकर बात की। पुलिस और ‘झाड़ू’ सरकार पर मिलीभगत के गंभीर आरोप राजा वडिंग ने पंजाब पुलिस और आम आदमी पार्टी के विधायकों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी वारदात होने के बावजूद होशियारपुर के एसएसपी और स्थानीय प्रशासन ने दोषियों के खिलाफ धारा 307 (हत्या का प्रयास) लगाने के बजाय बेहद मामूली (धारा 25) दर्ज की है। कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सूबे के मुख्यमंत्री भगवंत मान कुंभकर्णी नींद सो रहे हैं और उन्होंने अपने विधायकों को कानून की धज्जियां उड़ाने की खुली छूट दे रखी है।
‘झाड़ू की बेअदबी’ के नाम पर झूठे पर्चे दर्ज करने का दावा राजा वडिंग ने एक अजीबोगरीब वाकये का जिक्र करते हुए कहा कि चुनाव खत्म होने के बाद एक एफआईआर (FIR) में यह लिख दिया गया कि कांग्रेस कार्यकर्ता ने ‘झाड़ू’ को उछाला, जिससे झाड़ू की बेअदबी हुई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह बेहद शर्मनाक है कि पुलिस अब इस तरह के हास्यास्पद मामलों पर पर्चे दर्ज कर रही है। उन्होंने साफ किया कि कांग्रेस के कार्यकर्ता इन धमकियों और झूठे मुकदमों से डरने वाले नहीं हैं, बल्कि वे व्हीलचेयर पर बैठकर भी चुनाव लड़ने का हौसला रखते हैं। दुआबा में पहली बार देखा ऐसा खौफनाक माहौल राजा वडिंग ने कहा कि पंजाब के मालवा और माझा इलाके से अक्सर आपसी लड़ाई-झगड़े और राजनीतिक रंजिश की खबरें आती रहती थीं, लेकिन दुआबा क्षेत्र हमेशा शांत माना जाता था। आम आदमी पार्टी के राज में अब दुआबा के भीतर भी ऐसा खौफ और हिंसा का माहौल पैदा कर दिया गया है जो पंजाब के इतिहास में बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब पुलिस पूरी तरह से दबाव में है। पुलिस सिर्फ विपक्ष के नेताओं को प्रताड़ित करने और शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर लाठियां भांजने में व्यस्त है, जबकि सूबे के गैंगस्टर और अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं। कांग्रेस में वापसी के संकेत और अंदरूनी लोकतंत्र कैप्टन अमरिंदर सिंह और कांग्रेस छोड़कर बीजेपी व अन्य दलों में गए नेताओं की वापसी की अटकलों पर बोलते हुए राजा वडिंग ने कहा कि जिसने भी कांग्रेस की ‘आजादी’ का आनंद लिया है, उसे दूसरी पार्टियों के बंद माहौल में घुटन होना लाजिमी है। वे नेता कहीं न कहीं कांग्रेस को मिस कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी में किसे वापस लेना है और किसे नहीं, इसका अंतिम फैसला दिल्ली में बैठी हाईकमान करेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *