फाजिल्का में पुलिस रेड पर बवाल: यूथ कांग्रेस के पूर्व नेता के घर पहुंची टीम, वीडियो वायरल, जांच में जुटी पुलिस – Fazilka News
फाजिल्का जिले के गांव टिंडावाला में पुलिस की रेड के दौरान हंगामा होने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है, जिसमें पुलिस पार्टी पर कई तरह के आरोप लगाए गए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार, गांव टिंडावाला निवासी और यूथ कांग्रेस पंजाब के पूर्व प्रवक्ता सहजपाल बराड़ का अबोहर क्षेत्र के एक ब्लॉगर के साथ विवाद चल रहा था। यह विवाद गेहूं के बीज के प्रचार-प्रसार को लेकर शुरू हुआ था। आरोप है कि संबंधित ब्लॉगर ने एक किसान के गेहूं के बीज का प्रचार करते हुए दावा किया था कि इसकी बिजाई करने पर 80 मन प्रति एकड़ तक उत्पादन हो सकता है। डीएसपी जलालाबाद गुरसेवक सिंह बराड़ ने बताया कि सहजपाल बराड़ ने इस संबंध में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में कहा गया था कि प्रचार के दावों के विपरीत उनकी गेहूं की फसल का उत्पादन केवल 50 से 55 मन ही हुआ। शिकायत मिलने के बाद दोनों पक्षों को बुलाकर उनके बयान दर्ज किए गए थे और जांच पूरी होने के बाद शिकायत को दफ्तर दाखिल कर दिया गया था। पुलिस मामले की कर रही जांच डीएसपी के अनुसार, बाद में जानकारी मिली कि उक्त ब्लॉगर ने थाना खुइयां सरवर में सहजपाल बराड़ के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। इसी मामले में पुलिस टीम जांच के लिए सहजपाल बराड़ के घर पहुंची थी। रेड के दौरान किसी बात को लेकर विवाद और बहस की स्थिति बन गई, जिससे मौके पर हंगामा हो गया। घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हुए हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link

