अमृतसर में हाईवे पर लूटपाट से ट्रांसपोर्टर परेशान: करोड़ों रुपए का माल चोरी, पुलिस पर लापरवाही के आरोप, आंदोलन की चेतावनी – Amritsar News
अमृतसर गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन, जहाजगढ़ ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। इसमें हाईवे और मुख्य सड़कों पर बढ़ती लूट और चोरी की घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। एसोसिएशन ने पुलिस और प्रशासन पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए सख्त कदम उठाने की चेतावनी दी। एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने बताया कि दिसंबर माह से अमृतसर से कथूनंगल, मानांवाला से ढिल्लवां और तरनतारन के नए पुल वाले रूटों पर लगातार लूटपाट और चोरी की वारदातें हो रही हैं। इन घटनाओं में ट्रकों और अन्य वाहनों में लदे कपड़े, किराना सामान, ड्राई फ्रूट्स और अन्य कीमती माल को निशाना बनाया जा रहा है। ट्रांसपोर्टर बोले- पुलिस अधिकारियों से कई बार मिल चुके हैं ट्रांसपोर्टरों ने बताया कि वे इस संबंध में डीआईजी, सीपी और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से कई बार मुलाकात कर चुके हैं। उनका आरोप है कि उच्च अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद कुछ दिनों तक तो सख्ती दिखाई जाती है, लेकिन थोड़े समय बाद स्थिति फिर सामान्य हो जाती है। उनका दावा है कि चोर गिरोह बिना किसी डर के सक्रिय हैं और लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। एसोसिएशन के सदस्यों के अनुसार, अब तक हुए नुकसान का सही आकलन करना मुश्किल है, लेकिन यह करोड़ों रुपये तक पहुंच चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि अपराधी अक्सर स्कॉर्पियो, बोलेरो और मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल कर वारदातों को अंजाम देते हैं और आसानी से फरार हो जाते हैं। ट्रांसपोर्टरों ने यह भी बताया कि वे अपने क्षेत्र के विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों से भी इस संबंध में मुलाकात कर चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं की तो वे सब्जी मंडी एसोसिएशन, व्यापारी संगठनों और अन्य संस्थाओं के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे। एसोसिएशन ने पुलिस कमिश्नर और डीजीपी पंजाब से अपील की कि हाईवे पर सक्रिय गिरोहों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाए, नाकेबंदी बढ़ाई जाए तथा सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्ट और व्यापारिक क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इस मामले में अब और देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Source link

