लेदर कॉम्प्लेक्स में हिट एंड रन और हत्या का मामला – Jalandhar News
भास्कर न्यूज | जालंधर लेदर कॉम्प्लेक्स इलाके में 2 जून को हुए हिट-एंड-रन और हत्या के मामले में शनिवार को पीड़ित परिवार का गुस्सा फूट पड़ा। मृतक सोहन लाल के परिजनों और समर्थकों ने इंसाफ की गुहार लगाते हुए मकसूदां थाने के बाहर जोरदार रोष प्रदर्शन किया। परिवार का स्पष्ट आरोप है कि घटना के इतने दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस भारत गैस एजेंसी के आरोपी कर्मचारी को गिरफ्तार करने में नाकाम रही है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पुलिस जानबूझकर आरोपी ड्राइवर और दबंग गैस एजेंसी मालिक का बचाव कर रही है, जिसके चलते उन्हें सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा है। मदद का झांसा देकर दरिंदगी और लूटपाट ः 2 जून की सुबह करीब 7:52 बजे, जेके कास्टिंग कंपनी में काम करने वाले सोहन लाल (निवासी बाबा खेल) वरियाणा के पास सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान भारत गैस एजेंसी के एक लोडिंग वाहन के नशे में धुत चालक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। आरोपी चालक ने घायल सोहन लाल को अस्पताल पहुंचाने का झांसा दिया और उन्हें अपनी गाड़ी में डाल लिया, लेकिन इलाज कराने के बजाय, उसने रास्ते में उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की और उनकी सोने की चेन, लॉकेट, पर्स और मोबाइल लूट लिया। इसके बाद, मौत हो जाने पर वह शव को जालंधर कुंज के पास एक सुनसान इलाके में फेंक कर फरार हो गया। सारी वारदात सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई। इस मामले में थाना मकसूदां के एसएचओ गुरप्रीत सिंह का कहना था कि आरोपी की तलाश की जा रही है, जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा
Source link

