होशियापुर के मुकेरिया में टकराए दो टिप्पर: अचानक ब्रेक लगाने से हुआ हादसा, केबिन में घंटे भर फंसा रहा चालक, दोनों टांगें टूटीं – Hoshiarpur News
होशियारपुर के मुकेरियां में जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर माता रानी चौक के पास दो टिप्परों के बीच दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रेड लाइट होने पर आगे चल रहे टिप्पर चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाने से पीछे से आ रहा टिप्पर उसमें जा घुसा। हादसे में पीछे वाले टिप्पर का चालक बुरी तरह केबिन में फंस गया, जिसे पुलिस और राहगीरों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल चालक की दोनों टांगें टूट गई हैं। हादसे के बाद हाईवे पर काफी देर जाम लगा रहा, जिसे पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को साइड करवाकर सुचारू कराया। रेड लाइट पर अचानक ब्रेक लगाने से हुआ हादसा जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर दो टिप्पर पठानकोट की दिशा में जा रहे थे। जैसे ही दोनों वाहन मुकेरियां के व्यस्त माता रानी चौक के पास पहुंचे, ट्रैफिक सिग्नल की रेड लाइट हो गई। रेड लाइट देखकर आगे चल रहे टिप्पर के चालक ने बिना कोई बड़ा संकेत दिए अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। पीछे चल रहा टिप्पर काफी रफ्तार में था, जिसके कारण चालक को संभलने का मौका नहीं मिला। पीछे से आ रहा टिप्पर सीधे आगे वाले टिप्पर के पिछले हिस्से से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीछे वाले टिप्पर का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और केबिन पिचक गया। 1 घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकला चालक टक्कर के बाद पीछे वाले टिप्पर का चालक अपनी सीट और स्टीयरिंग के बीच बुरी तरह से फंस गया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तुरंत घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी और चालक को बचाने की कोशिशें शुरू कीं। मौके पर पहुंची मुकेरियां पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर बचाव अभियान चलाया। केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण घायल चालक को बाहर निकालना बेहद चुनौतीपूर्ण था। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत और मशिनरी की मदद से केबिन के हिस्से को काटकर चालक को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। घायल की हुई पहचान रेस्क्यू किए गए चालक की पहचान सतनाम सिंह के रूप में हुई है, जो जालंधर का रहने वाला है। हादसे में सतनाम सिंह को गंभीर चोटें आई हैं और उनकी दोनों टांगें टूट गई हैं। राहगीरों और पुलिस की मदद से उन्हें तुरंत एम्बुलेंस के जरिए मुकेरियां के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हाईवे पर लगा लंबा जाम, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई हादसे के बाद जालंधर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और घंटों ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। मुकेरियां पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त दोनों टिप्परों को सड़क के किनारे करवाकर यातायात को फिर से सुचारू रूप से चालू कराया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों टिप्पर चालकों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के मुताबिक कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Source link

