अबोहर में धमकियों के बावजूद AAP जीती 20 सीट: अरुण नारंग ने कहा- पार्टी शून्य से 20 पर पहुंची, 50 का दावा करने वाले 28 पर सिमटे – Abohar News
आम आदमी पार्टी (आप) के हल्का इंचार्ज अरुण नारंग ने अबोहर नगर निगम चुनाव के नतीजों पर बड़ा दावा करते हुए कहा है कि पार्टी ने शून्य से सीधे 20 सीटों पर पहुंचकर एक ऐतिहासिक और बड़ी जीत हासिल की है, भले ही पार्टी स्पष्ट बहुमत से थोड़ा दूर रह गई हो। आज स्थानीय श्री अरोड़वंश भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए नारंग ने विपक्षी दल भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछली बार 49 सीटें जीतने वाली और इस बार 50 पार का खोखला दावा करने वाली जाखड़ पार्टी (भाजपा) महज 28 सीटों पर सिमट कर रह गई है, जिससे साफ है कि अबोहर में भाजपा के वर्चस्व की उल्टी गिनती अब शुरू हो चुकी है। पार्टी ने साधारण घरों से लोगों को बनाया उम्मीदवार उन्होंने कहा कि भाजपा के बड़े-बड़े राजनीतिक दबंगों और रसूखदारों के सामने ‘आप’ ने बेहद साधारण, गरीब और छोटे परिवारों के उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा था। उम्मीदवारों ने विपक्षी दल की ओर से दी गईं तरह-तरह की धमकियों और दबाव का निडरता से सामना किया और 20 वार्डों में पार्टी का परचम लहराया विरोधियों ने पानी की तरह पैसा बहाया हल्का इंचार्ज ने भाजपा पर संगीन आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव जीतने के लिए विरोधी दल के उम्मीदवारों ने पानी की तरह पैसा बहाया और बड़े पैमाने पर शराब व पैसे बांटे। इन तमाम तिकड़मों के बावजूद भाजपा और आम आदमी पार्टी के कुल मतों में केवल 2,124 वोटों का ही मामूली अंतर रहा है, जो ‘आप’ के प्रति लोगों के विश्वास को दर्शाता है। दूसरी पार्टी के जीते पार्षद उनके संपर्क में हैं नारंग ने एक और बड़ा राजनीतिक खुलासा करते हुए दावा किया कि दूसरी पार्टी के कुछ नव-निर्वाचित विजेता पार्षद लगातार उनके संपर्क में हैं और वे आम आदमी पार्टी में शामिल होने का प्रयास कर रहे हैं, जिन पर जल्द ही वरिष्ठ नेतृत्व के साथ विचार-विमर्श कर कोई अंतिम निर्णय लिया जाएगा। इस मौके पर ‘आप’ के जिला प्रधान उपकार सिंह जाखड़, सुनील सचदेवा, एडवोकेट हरप्रीत सिंह, दविंद्र सिंह काका, जसपिंद्र सिंह जाखड़, प्रो. तेजवीर सिंह बराड़, राजिंद्र डब्बू, एडवोकेट अरविंद बजाज तथा रंधीर गाबा सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी और समर्पित कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Source link

