जालंधर में बुजुर्ग पर छेड़छाड़ के आरोप के बाद हंगामा: कांग्रेस नेताओं ने कहा- चुनावी रंजिश में फंसा रहे, तबीयत बिगड़ी तो पुलिस ने छोड़ा – Nakodar News

जालंधर में बुजुर्ग पर छेड़छाड़ के आरोप के बाद हंगामा:  कांग्रेस नेताओं ने कहा- चुनावी रंजिश में फंसा रहे, तबीयत बिगड़ी तो पुलिस ने छोड़ा – Nakodar News




जालंधर जिले के तहत आते नूरमहल में नगर परिषद चुनाव के माहौल के बीच एक बुजुर्ग पर महिला से छेड़छाड़ करने का संगीन आरोप लगा है। इस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए जब पुलिस ने बुजुर्ग को हिरासत में लिया, तो थाने में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसकी भनक लगते ही बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय निवासी थाने के बाहर जुट गए और जोरदार धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने बिगड़ती सेहत को देखते हुए बुजुर्ग को रिहा कर दिया। क्या है पूरा मामला: चुनाव के दौरान धक्का-मुक्की और अश्लील हरकत का आरोप प्राप्त जानकारी के अनुसार, नूरमहल के कोटला मोहल्ला की रहने वाली सरबजीत कौर ने नूरमहल थाना पुलिस को एक लिखित शिकायत सौंपी थी। अपनी शिकायत में सरबजीत कौर ने आरोप लगाया कि नगर परिषद चुनाव की गतिविधियों के दौरान कोटला मोहल्ला के ही निवासी बलजिंदर सिंह (पुत्र राम शरण) ने उन्हें जबरन पीछे से धक्का दिया और उनके साथ सरेआम अश्लील हरकतें कीं। महिला की लिखित शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नूरमहल के एसएचओ लाभ सिंह ने पुलिस टीम के साथ तुरंत एक्शन लिया और आरोपी बुजुर्ग बलजिंदर कुमार को हिरासत में लेकर थाने ले आए बेटे ने आरोपों को बताया बेबुनियाद, बताया साजिश बलजिंदर कुमार के बेटे राजेश कुमार ने मीडिया के सामने आकर इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। राजेश कुमार ने दावा किया कि उनके पिता पूरी तरह बेकसूर हैं और उन्होंने महिला के साथ किसी भी तरह की अमर्यादित हरकत नहीं की है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर परिषद चुनाव में सियासी फायदा उठाने के लिए उनके पिता को जानबूझकर झूठे मामले में फंसाने की साजिश रची जा रही है। थाने के बाहर कांग्रेस का धरना, तबीयत बिगड़ने पर मिली रिहाई जैसे ही बलजिंदर कुमार को पुलिस हिरासत में लिए जाने की खबर फैली, कांग्रेस के स्थानीय नेता और कार्यकर्ता लामबंद हो गए। देखते ही देखते कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने नूरमहल थाने के मुख्य गेट के सामने डेरा डाल दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसी हंगामे के बीच हवालात में बंद बुजुर्ग बलजिंदर कुमार की अचानक तबीयत खराब होने लगी। स्थिति को भांपते हुए और माहौल को शांत करने के लिए एसएचओ लाभ सिंह ने बुजुर्ग को तुरंत हिरासत से रिहा कर दिया। इस विरोध प्रदर्शन और धरने के मौके पर पार्षद जंग बहादुर कोहली, राकेश कलेर, दीपक कुमार दीपू, गुरदीप सिंह थम्मनवाल, राज कुमार सहोता, परमजीत पम्मा चहल, वरुण कोहली, मनमोहन गौतम शर्मा सहित कोटला मोहल्ला के बड़ी संख्या में पुरुष और महिलाएं मौजूद रहे। फिलहाल इस घटना के बाद इलाके में राजनीतिक सरगर्मी तेज है और पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *