अबोहर के होटल में फर्टिलाइजर कंपनी के VP मृत मिले: डीलरों की बैठक के लिए आए थे, फोन नहीं उठाया; दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस – Abohar News
उदयपुर, राजस्थान की एक फर्टिलाइजर कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी प्रबल कानूनगो अबोहर के होटल सनबीम के कमरा नंबर 104 में मृत पाए गए। वे शनिवार शाम को कंपनी के डीलरों के साथ बैठक करने के लिए अबोहर पहुंचे थे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव क
.
पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रबल कानूनगो की पहचान उनके कमरे से मिले आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों के आधार पर हुई है। वे उदयपुर के हिरण नगरी सेक्टर-6 के निवासी थे। मृतक के ड्राइवर, सादुलशहर निवासी मुकेश कुमार ने बताया कि श्री कानूनगो उदयपुर की फर्टिलाइजर कंपनी पटेल फोस्केम लिमिटेड में मार्केटिंग के वाइस प्रेसिडेंट थे।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
मुकेश के अनुसार, रविवार को अबोहर में कंपनी के डीलरों के साथ उनकी बैठक होनी थी, जिसके लिए वे शनिवार शाम को अबोहर आए थे। श्री कानूनगो होटल सनबीम के कमरा नंबर 104 में ठहरे थे, जबकि ड्राइवर मुकेश अपने घर सादुलशहर चला गया था। रविवार सुबह जब मुकेश ने श्री कानूनगो से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की तो उन्होंने फोन नहीं उठाया। इसके बाद मुकेश ने अपने एक अन्य ड्राइवर को होटल भेजा।
जब ड्राइवर ने बार-बार दरवाजा खटखटाया और कोई जवाब नहीं मिला, तो होटल मैनेजर ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मौजूदगी में जब कमरा नंबर 104 का दरवाजा तोड़ा गया, तो श्री कानूनगो बिस्तर पर मृत पाए गए। उनकी पहचान उनके बैग में मिले दस्तावेजों से हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। मौत के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। कंपनी के अन्य अधिकारियों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।

