मानसा में सड़क पर उतरे ग्रामीण: बोले- बेअदबी केस में मेवा सिंह को फंसाया गया, रिहाई और निष्पक्ष जांच चाहिए – Mansa News
मानसा जिले के बीरेवाला जट्टां गांव में ग्रामीणों ने सिरसा-बरनाला रोड जाम कर प्रदर्शन किया। वे श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी मामले में गिरफ्तार गुरुद्वारा कमेटी सदस्य मेवा सिंह की रिहाई और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। यह मामला गांव बीरेवाला जट्टां में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के अंगों पर आपत्तिजनक शब्द लिखे जाने से जुड़ा है। घटना के बाद एसजीपीसी और मानसा पुलिस ने जांच शुरू की थी। जांच के दौरान गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी सिंह ने आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद ग्रंथी सिंह के परिजनों के बयानों के आधार पर पुलिस ने गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य मेवा सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग आज के प्रदर्शन में मनजीत सिंह, हरप्रीत सिंह, सिन्दर कौर, करमजीत सिंह, भोला सिंह, जगरूप सिंह और जगसीर सिंह सहित कई ग्रामीण शामिल थे। उन्होंने मानसा में सिरसा-बरनाला रोड को अवरुद्ध कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मेवा सिंह गुरु घर से जुड़े एक सेवादार हैं, जो लंबे समय से गुरुद्वारा साहिब में सेवा कर रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उन्हें जानबूझकर इस मामले में फंसाया गया है। उन्होंने मांग की कि मेवा सिंह को तत्काल रिहा किया जाए और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी के मामले की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कर वास्तविक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
Source link

