पुलिस कमिश्नर के बाद एससी कमिशन के पास पहुंची एडवोकेट की शिकायत – Jalandhar News
भास्कर न्यूज | जालंधर सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में पिछले दिनों फोटो के पैसे मांगने को लेकर विवाद का मामला अब बढ़ता जा रहा है। पोलरॉइड फोटोग्राफी का टेंडर लेने वाले राम लुभाया ने एडवोकेट सहित अन्य लोगों पर मारपीट, धमकाने और जातिसूचक व्यवहार करने के आरोप लगाते हुए पुलिस कमिश्नर के बाद एससी कमिशन के पास भी शिकायत की है। हालांकि इस मामले को लेकर ज्वाइंट सब-रजिस्ट्रार और असिस्टेंट कमिश्नर जनरल के पास भी शिकायत की गई है। मामले की शिकायत नेशनल कमीशन फॉर शेड्यूल कास्ट्स चंडीगढ़ कार्यालय को दी गई है। शिकायतकर्ता राम लुभाया ने बताया कि वह वर्ष 2026-27 के लिए डीएसी और सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में पोलरॉइड फोटोग्राफी का टेंडर होल्डर है। 22 मई को सब-रजिस्ट्रार-1 कार्यालय में दस्तावेज रजिस्ट्रेशन के दौरान एडवोकेट अपने क्लाइंट के साथ पहुंचे थे। आरोप है कि फोटो खींचने के बाद जब उनसे दो फोटो कॉपी के पैसे मांगे गए तो उन्होंने पैसे देने से इनकार कर दिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। यह मामला हाथापाई तक पहुंच गया। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि बाद में तहसील कॉम्प्लेक्स के बाहर दोबारा उनका रास्ता रोककर हमला करने की कोशिश की गई। वह अनुसूचित जाति समुदाय से संबंध रखते हैं और आरोपियों को इसकी जानकारी थी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि पहले भी कई बार फोटो शुल्क देने से इनकार किया गया।
Source link

