अमृतसर में किसान के परिवार को बेहाेश कर लूटा: चोरों ने नशीला पदार्थ सुंघाकर अलमारियां तोड़ीं; 5 लाख कैश-40 तोले सोना लेकर फरार – Amritsar News
अमृतसर के जंडियाला गुरु के अधीन गांव जानियां में बीती रात चोरों ने एक किसान के घर में लूट की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने बलविंदर सिंह के घर में घुसकर करीब 5 लाख रुपये नकदी, 35 से 40 तोले सोने के गहने और 8 से 10 कीमती घड़ियां चोरी कर लीं। पीड़ित बलविंदर सिंह ने बताया कि चोर घर के बाहरी गेट का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए और ग्रिल तोड़कर कमरे में पहुंच गए। आरोप है कि चोरों ने परिवार को कोई नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया, जिसके बाद उन्होंने अलमारियां तोड़कर नकदी और गहनों पर हाथ साफ कर दिया। बलविंदर सिंह ने बताया कि चोरी हुए गहनों में उनकी बेटी और बहू के आभूषणों के अलावा परिवार के बुजुर्गों की निशानी के रूप में संभालकर रखा गया सोना भी शामिल है। उन्होंने पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है। बुजुर्ग बलविंदर सिंह ने पूरी बात बताते हुए कहा कि रात करीब 11 बजे वह सो गए थे। आधी रात के बाद उनका बेटा खेत में पानी देखने के लिए गया और फिर वापस आकर सो गया। सुबह करीब 5 बजे जब परिवार जागा तो घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला। बलविंदर सिंह का कहना है कि रात के दौरान उन्हें किसी प्रकार की कोई आहट तक सुनाई नहीं दी, जबकि सामान्य तौर पर मामूली आवाज पर भी उनकी नींद खुल जाती है। उन्हें आशंका है कि चोरों ने कोई नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया, जिसके कारण परिवार गहरी नींद में सोता रह गया। बलविंदर सिंह के अनुसार चोर घर के अंदर घुसकर अलमारियों और संदूकों में रखा करीब 40 से 45 तोला सोना तथा लगभग 5 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी हुए गहनों में परिवार के सदस्यों के शादी-विवाह के जेवर, विदेश से लाया गया सोना और उनकी दिवंगत पत्नी की यादगार के रूप में संभालकर रखा गया सोना भी शामिल है। उनका कहना है कि चोरी गया अधिकांश सोना दुबई का था और उस पर विशेष स्टैंप लगी हुई थी। बुजुर्ग ने बताया कि नकदी ट्रैक्टर संबंधी काम और अन्य जरूरतों के लिए घर में रखी गई थी। उनका मानना है कि वारदात को किसी ऐसे व्यक्ति ने अंजाम दिया है जिसे घर के भीतर रखे सामान और उसकी लोकेशन की पूरी जानकारी थी। बलविंदर सिंह ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद पुलिस की कार्रवाई धीमी रही। उन्होंने बताया कि पुलिस सुबह मौके पर आई थी, लेकिन बाद में दोबारा आने का आश्वासन देकर लौट गई। उन्होंने मांग की कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर चोरी हुआ सामान बरामद किया जाए। साथ ही उन्होंने प्रदेश में बढ़ती चोरी और लूटपाट की घटनाओं पर चिंता जताते हुए कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठाए। पुलिस ने जांच शुरू की, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है । पुलिस अधिकारियों के अनुसार आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link

